दुर्ग में 123 अमृत सरोवरों के तट पर मनेगा स्वतंत्रता दिवस, ग्राम पंचायतों में होगा ध्वजारोहण

दुर्ग जिले में 15 अगस्त 2026 को स्वतंत्रता दिवस का आयोजन प्रकृति संरक्षण, जनसहभागिता और राष्ट्रप्रेम के संदेश के साथ किया जाएगा। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में निर्मित 123 अमृत सरोवरों के तट पर समारोह आयोजित होंगे। पंचायत राज संस्थाओं के पदाधिकारी राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, स्व-सहायता समूहों की महिलाओं, युवाओं, विद्यार्थियों और ग्रामीणों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

Aug 13, 2026 - 16:14
 0  2
दुर्ग में 123 अमृत सरोवरों के तट पर मनेगा स्वतंत्रता दिवस, ग्राम पंचायतों में होगा ध्वजारोहण

UNITED NEWS OF ASIA. रोहिताश सिंह भुवाल, दुर्ग l दुर्ग जिले में इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस का आयोजन प्रकृति संरक्षण, जनसहभागिता और राष्ट्रप्रेम के संदेश के साथ किया जाएगा। शासन के निर्देशानुसार 15 अगस्त 2026 को जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में निर्मित 123 अमृत सरोवरों के तट पर स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किए जाएंगे। इन समारोहों में पंचायत राज संस्थाओं के पदाधिकारियों द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा।

जिले में स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर प्रशासन द्वारा तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। कलेक्टर अभिजीत सिंह ने संबंधित अधिकारियों और ग्राम पंचायतों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने समारोहों को गरिमामय और उत्साहपूर्ण वातावरण में आयोजित करने के साथ अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया है।

रोजगार गारंटी योजना के तहत निर्मित अमृत सरोवर ग्रामीण क्षेत्रों में जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण और सामुदायिक सहभागिता के महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में विकसित हो रहे हैं। इन जलाशयों से ग्रामीणों को निस्तार और सिंचाई के लिए जल सुविधा उपलब्ध हो रही है। इसके साथ ही स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को मत्स्य पालन जैसी आजीविका गतिविधियों के माध्यम से आर्थिक रूप से सशक्त होने के अवसर भी मिल रहे हैं।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अमृत सरोवरों के तट पर आयोजित होने वाले समारोहों के माध्यम से जल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण के प्रति ग्रामीणों को जागरूक किया जाएगा। प्रशासन ने विशेष नागरिकों, निर्वाचित जनप्रतिनिधियों, स्व-सहायता समूहों की महिलाओं, महाविद्यालयीन युवाओं, स्कूली विद्यार्थियों और ग्रामीणों की अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इससे स्वतंत्रता दिवस समारोह को सामुदायिक उत्सव के रूप में मनाने के साथ राष्ट्रप्रेम और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश भी दिया जाएगा।

कलेक्टर अभिजीत सिंह ने जिले में 15 अगस्त को आयोजित होने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों की समीक्षा भी की। जिला मुख्यालय के साथ जनपद पंचायतों, ग्राम पंचायतों, शासकीय कार्यालयों और शिक्षण संस्थाओं में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

जिला पंचायत दुर्ग के मुख्य कार्यपालन अधिकारी बजरंग कुमार दुबे ने बताया कि जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित 123 अमृत सरोवरों के तट पर स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किए जाएंगे। वहीं जिला मुख्यालय में आयोजित मुख्य समारोह में निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ध्वजारोहण, राष्ट्रगान और परेड सहित विभिन्न कार्यक्रम होंगे। स्कूली बच्चों द्वारा देशभक्ति और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां भी दी जाएंगी।

समारोहों को गरिमामय और रोचक बनाने के लिए अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और शहीदों के परिजनों को सम्मानपूर्वक आमंत्रित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। इस तरह दुर्ग जिले में स्वतंत्रता दिवस प्रकृति संरक्षण, सामुदायिक सहभागिता और राष्ट्रप्रेम के संदेश के साथ मनाया जाएगा।