धमतरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 40 हजार नकद व 3 चोरी की बाइक सहित नाबालिग आरोपी गिरफ्तार

धमतरी जिले के थाना नगरी पुलिस ने लगातार बढ़ती चोरी की वारदातों पर सफल कार्रवाई करते हुए एक नाबालिग आरोपी को पकड़ा है। उसके कब्जे से 6,300 रुपये नकद और 3 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। आरोपी ने 40,000 रुपये की नकदी चोरी सहित कई बाइक चोरी की घटनाओं को कबूल किया।

Nov 15, 2025 - 17:04
 0  13
धमतरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 40 हजार नकद व 3 चोरी की बाइक सहित नाबालिग आरोपी गिरफ्तार

UNITED NEWS OF ASIA. रिजवान मेमन, धमतरी |  धमतरी जिले की थाना नगरी पुलिस ने चोरी की लगातार हो रही घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए एक विधि से संघर्षरत बालक को पकड़ने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी से कुल 6,300 रुपये नगद और तीन चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक धमतरी के निर्देश पर तकनीकी विश्लेषण, मुखबिर सूचना और टीम की सतत् निगरानी का परिणाम है।

पहले मामले में पीड़िता हंसीना बिझेंकर ने थाना नगरी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 13 मार्च 2025 की रात गांधी उद्यान के सामने यात्री प्रतीक्षालय में होली पर्व पर नगाड़ा बेचने आए दंपति के बैग से 40,000 रुपये चोरी हो गए थे। दूसरा मामला धमतरी निवासी जयकिशन दीवान की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल चोरी का था, जिसकी कीमत 30,000 रुपये थी और जिसे कृषि उपज मंडी परिसर से चोरी किया गया था। तीसरे मामले में छिपली निवासी नंदकुमार नेताम की 30,000 रुपये मूल्य की पल्सर मोटरसाइकिल जेएमएफसी देवपुर गेट के बाहर से चोरी हो गई थी। तीनों मामलों में अज्ञात आरोपी की तलाश की जा रही थी।

थाना नगरी पुलिस द्वारा तकनीकी साक्ष्य, मुखबिर तंत्र और लगातार फील्ड वेरिफिकेशन के आधार पर आरोपी की तलाश जारी थी। इसी दौरान पेट्रोलिंग के दौरान सूचना मिली कि एक बालक चोरी की मोटरसाइकिल बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर बस स्टैंड क्षेत्र से उसे हिरासत में लिया, जिसकी पहचान विधि से संघर्षरत बालक के रूप में हुई।

पूछताछ में आरोपी ने गांधी उद्यान इलाके से 40,000 रुपये चोरी करने की बात कबूल की, जिसमें से वह 33,700 रुपये खर्च कर चुका था और 6,300 रुपये ग्राम छिपली के किराए के कमरे में बिस्तर के नीचे छुपा रखे थे। इसके अलावा आरोपी ने कृषि उपज मंडी से स्प्लेंडर प्लस, सिंगपुर नाका क्षेत्र से काला-नीला स्प्लेंडर और नगरी न्यायालय परिसर से लाल पल्सर मोटरसाइकिल चोरी करने की स्वीकारोक्ति भी की। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर 6,300 रुपये नकद और तीन मोटरसाइकिलें—स्प्लेंडर प्लस, स्प्लेंडर और बजाज पल्सर—गवाहों की उपस्थिति में जप्त कीं।

आरोपी का सामाजिक पृष्ठभूमि रिपोर्ट तैयार कर उसे किशोर न्याय बोर्ड, धमतरी के समक्ष पेश किया गया है। थाना नगरी पुलिस आरोपी से अन्य संभावित मामलों की भी जांच कर रही है। धमतरी पुलिस ने जनता से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत नज़दीकी पुलिस थाना या डायल 112 पर दें।