जांजगीर में हथियार लहराकर दहशत फैलाने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, भेजे गए जेल

जांजगीर में कोतवाली पुलिस ने धारदार हथियार लहराकर लोगों को डराने वाले दो युवकों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आरोपियों के पास से हथियार भी जब्त किए गए।

Apr 15, 2026 - 18:31
 0  3
जांजगीर में हथियार लहराकर दहशत फैलाने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, भेजे गए जेल

UNITED NEWS OF ASIA. हितेश पाण्डेय, जांजगीर चांपा l जिले में असामाजिक तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए धारदार हथियार लहराकर लोगों में दहशत फैलाने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से हथियार भी बरामद कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अभिषेक सोनवान (20 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 25 भाठापारा, जांजगीर और गौरव किरण (19 वर्ष), निवासी ग्राम घनवा, जांजगीर के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई जिले की पुलिस अधीक्षक निवेदिता पॉल के निर्देश पर की गई। उन्होंने जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे।

इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप, सीएसपी कोतवाली योगिता बाली खापर्डे के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी जयप्रकाश गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस टीम को पेट्रोलिंग के लिए लगाया गया था।

पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस टीम को सूचना मिली कि केरा रोड स्थित देशी शराब भट्टी के पास कुछ युवक धारदार हथियार लहराकर राहगीरों को डरा-धमका रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को अलग-अलग स्थानों से पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से दो धारदार हथियार बरामद किए गए। इसके बाद पुलिस ने दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।

पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों में विश्वास बढ़ा है। अधिकारियों ने बताया कि आगे भी ऐसे असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता, सहायक उप निरीक्षक अरुण कुमार सिंह, प्रधान आरक्षक प्रकाश चंद्र राठौर, आरक्षक नितेश विश्वकर्मा, शंकर राजपूत, दिलीप सिंह और लीला साहू का विशेष योगदान रहा।

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके और कानून व्यवस्था बनाए रखी जा सके।