अरुण साव ने जगदलपुर में शहरी विकास कार्यों का किया निरीक्षण, गुणवत्ता और समय-सीमा पर दिया जोर

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने जगदलपुर में इंटेक-वेल, फिल्टर प्लांट, नालंदा परिसर और तालाब सौंदर्यीकरण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।

Jun 6, 2026 - 17:50
 0  5
अरुण साव ने जगदलपुर में शहरी विकास कार्यों का किया निरीक्षण, गुणवत्ता और समय-सीमा पर दिया जोर

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l रायपुर उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव ने आज जगदलपुर में नगर निगम द्वारा संचालित विभिन्न शहरी विकास परियोजनाओं का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माणाधीन कार्यों की प्रगति का बारीकी से अवलोकन किया और संबंधित अधिकारियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अरुण साव ने पावर हाउस चौक स्थित इंटेक-वेल एवं फिल्टर प्लांट का जायजा लिया। इसके साथ ही उन्होंने महारानी वार्ड में लगभग 101 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित नयामुंडा फिल्टर प्लांट का भी निरीक्षण किया। उन्होंने पेयजल आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कहा कि नागरिकों को निर्बाध, स्वच्छ एवं पर्याप्त जल आपूर्ति सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी स्थिति में जल आपूर्ति व्यवस्था में बाधा न आए और तकनीकी खामियों को समय पर दूर किया जाए।

इसके पश्चात उप मुख्यमंत्री ने पीजी कॉलेज धरमपुरा परिसर में निर्माणाधीन 500 सीटर नालंदा परिसर का निरीक्षण किया। यह परियोजना लगभग 11 करोड़ 18 लाख रुपये की लागत से विकसित की जा रही है। उन्होंने निर्माण कार्य की धीमी गति पर नाराजगी जताते हुए इसे शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों को आधुनिक अध्ययन सुविधाओं का लाभ समय पर मिल सके। उन्होंने कहा कि शिक्षा से जुड़ी बुनियादी संरचनाओं को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता है।

अरुण साव ने शहर के छत्रपति शिवाजी वार्ड में लगभग 79 लाख रुपये की लागत से चल रहे पण्डरीतरई तालाब सौंदर्यीकरण कार्य तथा लगभग 3 करोड़ 71 लाख रुपये की लागत से गंगामुड़ा तालाब सौंदर्यीकरण कार्य का भी निरीक्षण किया। उन्होंने इन दोनों परियोजनाओं की सराहना करते हुए कहा कि तालाबों का संरक्षण और सौंदर्यीकरण न केवल शहर की सुंदरता बढ़ाता है, बल्कि जल संरक्षण और भू-जल स्तर सुधार में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने विशेष रूप से तालाबों के गहरीकरण और पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने पर जोर दिया।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विकास कार्यों में गुणवत्ता मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि शहरी विकास योजनाओं का उद्देश्य नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है, इसलिए प्रत्येक परियोजना का लाभ सीधे जनता तक पहुंचना चाहिए।

निरीक्षण के दौरान सांसद महेश कश्यप, महापौर संजय पाण्डेय, स्थानीय पार्षदगण, कलेक्टर आकाश छिकारा, पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा सहित जिला प्रशासन और नगरीय प्रशासन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने और सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।