विजय शर्मा ने राष्ट्रीय बेसबॉल पदक विजेता खिलाड़ियों का किया सम्मान

ओडिशा के भुवनेश्वर में आयोजित राष्ट्रीय सब-जूनियर बेसबॉल प्रतियोगिता में पदक जीतने वाले कवर्धा के खिलाड़ियों से उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने मुलाकात कर उन्हें सम्मानित किया। खिलाड़ियों ने 3 स्वर्ण और 2 रजत पदक जीतकर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया।

Jun 6, 2026 - 17:42
 0  2
विजय शर्मा ने राष्ट्रीय बेसबॉल पदक विजेता खिलाड़ियों का किया सम्मान

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l रायपुर ओडिशा के भुवनेश्वर में आयोजित 31वीं राष्ट्रीय सब जूनियर बेसबॉल बालक एवं बालिका प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करने वाले कवर्धा के खिलाड़ियों से उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने अपने कवर्धा स्थित निवास कार्यालय में मुलाकात कर उन्हें शुभकामनाएं दीं तथा उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

एमेच्योर बेसबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में 24 से 29 मई तक आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में प्रयास स्पोर्ट्स अकादमी कवर्धा के पांच खिलाड़ियों का चयन छत्तीसगढ़ टीम में हुआ था। इनमें बालक वर्ग से चंद्रेश कोर्राम, पंकज मेरावी और शुभम सेन तथा बालिका वर्ग से चांदनी साहू और जयश्री घृतलहरे शामिल थीं।

प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ की बालक टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। टीम ने मध्यप्रदेश, कर्नाटक, तेलंगाना, राजस्थान और दिल्ली जैसी मजबूत टीमों को हराकर फाइनल में प्रवेश किया, जहां महाराष्ट्र को 6-2 से पराजित कर राष्ट्रीय खिताब अपने नाम किया। इस जीत में चंद्रेश कोर्राम का प्रदर्शन विशेष रूप से उल्लेखनीय रहा, जिन्होंने फाइनल मुकाबले में शानदार होमरन लगाकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में कुल तीन होमरन लगाए।

वहीं बालिका वर्ग में छत्तीसगढ़ टीम ने भी बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए दिल्ली, तेलंगाना और मेजबान ओडिशा को हराकर फाइनल में प्रवेश किया। हालांकि फाइनल मुकाबले में महाराष्ट्र के खिलाफ टीम को हार का सामना करना पड़ा, लेकिन रजत पदक जीतकर खिलाड़ियों ने राज्य का गौरव बढ़ाया। इस टीम में चांदनी साहू और जयश्री घृतलहरे ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि ग्रामीण अंचलों से निकलकर राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतना पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खेल और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार कार्य कर रही है, ताकि प्रतिभाओं को बेहतर मंच और अवसर मिल सके। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे खिलाड़ी आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा बनते हैं।

अकादमी के प्रशिक्षक राजा जोशी ने बताया कि खिलाड़ियों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर किया गया था। निरंतर प्रशिक्षण और मेहनत के कारण टीम ने राष्ट्रीय स्तर पर यह बड़ी उपलब्धि हासिल की है।

खिलाड़ियों की इस सफलता से कवर्धा और पूरे छत्तीसगढ़ में खेल प्रेमियों में उत्साह का माहौल है। अभिभावकों, प्रशिक्षकों और स्थानीय नागरिकों ने खिलाड़ियों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। यह उपलब्धि राज्य में बेसबॉल खेल के बढ़ते स्तर और ग्रामीण प्रतिभाओं की क्षमता को भी दर्शाती है।

इस अवसर पर सभी खिलाड़ियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया तथा भविष्य में और बड़ी उपलब्धियों के लिए प्रोत्साहित किया गया।