संत बालक दास महाराज के जन्मदिन पर पशुधन मित्र संघ ने जलाए 51 दीप, नियमित मानदेय की मांग फिर उठाई

रायपुर में संत बालक दास महाराज के जन्मदिन के अवसर पर छत्तीसगढ़ पशुधन मित्र संघ ने कौशल्या धाम पहुंचकर 51 दीप प्रज्वलित किए और वृक्षारोपण किया। संघ के पदाधिकारियों ने पशुधन मित्रों की समस्याओं से संत बालक दास महाराज को अवगत कराते हुए नियमित और निश्चित मासिक मानदेय की मांग दोहराई। संघ के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर सिंह राजपूत ने कहा कि पशुधन मित्र करीब 26 वर्षों से पशुधन विकास विभाग के कार्यों में योगदान दे रहे हैं, लेकिन अब भी कार्य आधारित मानदेय पर निर्भर हैं। संघ ने गौधाम योजना के संचालन में तेजी लाने और पशुधन मित्रों की मांगों के निराकरण की अपील की।

Aug 9, 2026 - 11:10
 0  87
संत बालक दास महाराज के जन्मदिन पर पशुधन मित्र संघ ने जलाए 51 दीप, नियमित मानदेय की मांग फिर उठाई

UNITED NEWS OF ASIA. अशोक मिश्रा, रायपुर l छत्तीसगढ़ पशुधन मित्र संघ के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने छत्तीसगढ़ गौसेवा आयोग के संरक्षक संत राम बालक दास महाराज के जन्मदिवस के अवसर पर कौशल्या धाम पहुंचकर 51 दीप प्रज्वलित कर उन्हें जन्मदिन की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर संघ द्वारा कौशल्या धाम परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया।

छत्तीसगढ़ पशुधन मित्र संघ के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर सिंह राजपूत के नेतृत्व में प्रदेश उपाध्यक्ष ओमप्रकाश सिन्हा, सचिव पुष्पकांत शर्मा, कोषाध्यक्ष धर्मेश अटनागर, प्रवक्ता ज्ञानी राम यादव सहित रतन तारम, खेमचंद भुवार्य, आत्माराम चंद्रवंशी, रामू राम यादव और सुरेश जूरेसिया समेत संघ के पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।

इस दौरान संघ के प्रतिनिधियों ने संत बालक दास महाराज को पशुधन मित्रों की समस्याओं से अवगत कराया। संघ ने बताया कि छत्तीसगढ़ में गौधाम योजना धरातल पर आ चुकी है, लेकिन जिस गति से योजना का संचालन शुरू होना चाहिए, उस गति से कार्य आगे नहीं बढ़ पा रहा है।

प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर सिंह राजपूत ने कहा कि पशुधन मित्र पिछले करीब 26 वर्षों से पशुधन विकास विभाग के कार्यों में योगदान दे रहे हैं, लेकिन आज भी उन्हें कार्य आधारित मानदेय पर निर्भर रहना पड़ रहा है। उन्होंने मांग की कि पशुधन मित्रों को सम्मानजनक और निश्चित मासिक मानदेय दिया जाए, क्योंकि वर्तमान व्यवस्था में मानदेय भी हर माह नियमित रूप से प्राप्त नहीं हो पाता।

संघ ने बताया कि इसी मांग को लेकर 30 जुलाई 2026 को विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह से मुलाकात की गई थी। संघ के अनुसार विधानसभा अध्यक्ष ने मामले को तत्काल संज्ञान में लेते हुए पशुपालन मंत्री श्री रामविचार नेताम के पास भेजा। इस पर संघ ने विधानसभा अध्यक्ष के प्रति आभार जताया।

कार्यक्रम के दौरान जिला मोहला-मानपुर से पहुंचे एक कार्यकर्ता ने संघ की सदस्यता ग्रहण करते हुए सदस्यता पत्र संत बालक दास महाराज के समक्ष भरा और प्रदेश अध्यक्ष को सौंपा।

जन्मदिवस के अवसर पर संघ द्वारा किया गया वृक्षारोपण पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी देता नजर आया। कार्यक्रम में पशुधन मित्रों ने एकजुट होकर अपनी मांगों को शासन तक मजबूती से पहुंचाने का संकल्प लिया।