महंगी बिजली और स्मार्ट मीटर के खिलाफ महासमुंद में कांग्रेस का महाअभियान, घर-घर पहुंचकर भरवाए आवेदन
महासमुंद शहर में महंगी बिजली और स्मार्ट मीटर के खिलाफ कांग्रेस ने चरणबद्ध जनआंदोलन की शुरुआत की। नेहरू चौक और आसपास के बाजारों में कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं ने व्यापारियों और आम उपभोक्ताओं से संपर्क कर बिजली बिल और स्मार्ट मीटर से जुड़ी समस्याओं के आवेदन भरवाए। व्यापारियों ने बढ़े हुए बिजली बिलों को लेकर अपनी परेशानी जाहिर की। कांग्रेस ने कहा कि इन आवेदनों के जरिए उपभोक्ताओं की समस्याओं का डेटा जुटाकर सरकार पर बिजली दरों में राहत और स्मार्ट मीटर को लेकर नीति में बदलाव का दबाव बनाया जाएगा।
UNITED NEWS OF ASIA. शिखा दास, महासमुंद l महासमुंद शहर में महंगी बिजली और स्मार्ट मीटर के खिलाफ कांग्रेस ने चरणबद्ध जनआंदोलन का शंखनाद कर दिया है। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर शुरू किए गए इस अभियान के तहत कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता शहर के अलग-अलग इलाकों में पहुंचकर आम उपभोक्ताओं और व्यापारियों से संपर्क कर रहे हैं। खल्लारी विधायक एवं जिला कांग्रेस अध्यक्ष द्वारिकाधीश यादव के दिशा-निर्देशन और शहर कांग्रेस अध्यक्ष गुरमीत चावला के नेतृत्व में अभियान की शुरुआत नेहरू चौक और आसपास के बाजार क्षेत्रों से हुई।