बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का कलेक्टर विश्वदीप ने किया व्यापक दौरा, राहत शिविर पहुंचकर पीड़ितों का बढ़ाया हौसला

जिले में लगातार हो रही बारिश और बाढ़ के बीच कलेक्टर विश्वदीप ने भोपालपटनम क्षेत्र के प्रभावित इलाकों का दौरा किया। राहत शिविरों की व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर पीड़ितों से मुलाकात की और अधिकारियों को राहत एवं पुनर्वास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

Jul 31, 2026 - 18:09
 0  11
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का कलेक्टर विश्वदीप ने किया व्यापक दौरा, राहत शिविर पहुंचकर पीड़ितों का बढ़ाया हौसला

UNITED NEWS OF ASIA. पी सतीश कुमार, बीजापुर l जिले में लगातार हो रही बारिश और बाढ़ की स्थिति को देखते हुए कलेक्टर विश्वदीप ने शुक्रवार को भोपालपटनम क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित इलाकों का व्यापक दौरा किया। उन्होंने तिमेड़ ब्रिज, चंदनगिरी राहत शिविर, नल्लमपल्ली और रामपुरम सहित कई स्थानों का निरीक्षण कर हालात का जायजा लिया तथा प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया।

दौरे की शुरुआत इन्द्रावती नदी पर स्थित तिमेड़ ब्रिज के निरीक्षण से हुई, जहां कलेक्टर ने जलस्तर और आवागमन की स्थिति की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने चंदनगिरी राहत शिविर पहुंचकर वहां रह रहे बाढ़ प्रभावित परिवारों से मुलाकात की, उनकी समस्याएं सुनीं और प्रशासन की ओर से हरसंभव मदद उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।

राहत शिविर में कलेक्टर ने भोजन, स्वच्छ पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं, वस्त्र, स्वच्छता और अन्य मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में रह रहे प्रत्येक परिवार की सभी आवश्यकताओं की नियमित रूप से पूर्ति सुनिश्चित की जाए और किसी भी प्रकार की असुविधा न होने पाए। साथ ही बाढ़ से हुई क्षति का शीघ्र सर्वेक्षण कर पात्र हितग्राहियों को नियमानुसार मुआवजा उपलब्ध कराने की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश भी दिए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने नल्लमपल्ली और रामपुरम गांवों का भी दौरा किया। रामपुरम में राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज बहाव के साथ पानी बहता मिला। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को बहते पानी वाले मार्गों पर लोगों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित करने तथा सुरक्षा के सभी आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी प्रकार की जनहानि न हो।

ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों से चर्चा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि प्राकृतिक आपदा के समय सतर्कता ही सबसे बड़ा बचाव है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि किसी भी परिस्थिति में बहते पानी को पार करने का प्रयास न करें और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल एसडीएम, तहसीलदार, पुलिस अथवा जिला प्रशासन से संपर्क करें।

दौरे के दौरान जिला पुलिस अधीक्षक, जिला पंचायत सीईओ सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। प्रशासन द्वारा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जा रही है और राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी हैं।