विधायक पुरन्दर मिश्रा के अनुसार क्षेत्र के विभिन्न वार्डों और इलाकों में लगातार जनसंपर्क कर नागरिकों की समस्याओं और आवश्यकताओं को समझा गया। इसके बाद संबंधित विभागों और एजेंसियों के साथ समन्वय कर विकास कार्यों को आगे बढ़ाने की पहल की गई। नगर निगम के माध्यम से 401 कार्यों पर 48.80 करोड़ रुपये की राशि से काम किए गए हैं, जिनमें 307 कार्य पूर्ण, 68 प्रगतिरत और 26 कार्य प्रारंभ या प्रक्रियाधीन हैं। लोक निर्माण विभाग से जुड़े 17 कार्यों के लिए 1295.71 करोड़ रुपये का प्रावधान बताया गया है।
कनेक्टिविटी और यातायात सुधार के क्षेत्र में कचना-खम्हारडीह मार्ग पर रेलवे ओवरब्रिज को प्रमुख उपलब्धियों में शामिल किया गया है। 39.44 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित यह ओवरब्रिज पूर्ण हो चुका है और 22 मई 2026 को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा इसका लोकार्पण किया गया। इसके अलावा जीई रोड पर गुरु तेग बहादुर उद्यान से नेताजी सुभाष चौक, तेलीबांधा तक 152.34 करोड़ रुपये के फ्लाईओवर का कार्य प्रक्रियाधीन बताया गया है।
क्षेत्र में खालसा स्कूल से पंडरी होते हुए मोवा थाना तक 564.98 करोड़ रुपये के फ्लाईओवर ब्रिज का प्रस्ताव प्रशासकीय स्वीकृति के लिए भेजा गया है। शंकर नगर विधानसभा मार्ग के टर्निंग प्वाइंट पर 160.63 करोड़ रुपये के ग्रेड सेपरेटर का प्रस्ताव भी भेजे जाने की जानकारी दी गई है। मोवा अंडरपास से लाभांडी होते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग-53 तक मार्ग निर्माण में छह ओवरब्रिज या डबल डेकर ब्रिज का प्रावधान प्रस्तावित है, जिसके लिए सर्वेक्षण और प्राक्कलन की प्रक्रिया जारी है। देवेंद्र नगर-मंडी गेट-कापा मार्ग पर वाल्टेयर लाइन में 55.79 करोड़ रुपये के अंडरब्रिज का प्रस्ताव भी प्रशासकीय स्वीकृति के लिए भेजा गया है।
स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए 700-बेड मेडिकल कॉलेज भवन और उपकरण व्यवस्था की 376 करोड़ रुपये की परियोजना प्रक्रियाधीन बताई गई है। इसके अलावा सिकल सेल परियोजना के लिए 81 करोड़, डॉक्टरों के हॉस्टल के लिए 61 करोड़, कैंसर हॉस्पिटल एक्सटेंशन के लिए 40 करोड़ और विभिन्न हॉस्टल तथा कर्मचारियों के आवास से जुड़े कार्यों को भी विकास एजेंडे में शामिल किया गया है।
शिक्षा के क्षेत्र में विद्यालयों की मरम्मत और जीर्णोद्धार के साथ पुस्तकालय, लैब, स्टूडियो और रीडिंग रूम जैसी सुविधाओं के विस्तार की जानकारी दी गई है। विभिन्न क्षेत्रों में आंगनबाड़ी और सामुदायिक भवनों के निर्माण को भी प्राथमिकता दी गई है। जिला खनिज संस्थान न्यास के माध्यम से 19 कार्यों के लिए 1.89 करोड़ रुपये की राशि का उल्लेख है, जिनमें 12 कार्य पूर्ण और सात प्रगतिरत बताए गए हैं।
विधायक की ओर से जारी विवरण में नगर निगम चुनाव से पहले 22 वार्ड वाले क्षेत्र में पहले वर्ष में 22 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों को स्वीकृति मिलने का भी उल्लेख किया गया है। परिसीमन के बाद रायपुर उत्तर में 16 वार्ड होने और इनमें से 14 वार्डों में भाजपा की जीत को जनता के विश्वास से जोड़ते हुए विधायक ने क्षेत्रवासियों के प्रति आभार जताया।
आने वाले समय के लिए 160.62 करोड़ रुपये के प्रमुख प्रस्ताव भी बताए गए हैं। इनमें खम्हारडीह में उच्च स्तरीय जलागार, भैंसथान में वर्किंग वूमेन हॉस्टल, सड़क-नाली-पुलिया निर्माण, ग्रास मेमोरियल स्कूल मैदान में खेल मैदान, पंडरी कमर्शियल कैंपस तथा गीतांजली नगर और गायत्री नगर में पक्का नाला, नाली एवं पुलिया निर्माण शामिल हैं। विधायक पुरन्दर मिश्रा ने कहा कि आने वाले समय में सड़क, यातायात, जल निकासी, पेयजल, पार्किंग, स्वच्छता और अन्य नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाना प्राथमिकता रहेगी।