JDA कबीरधाम की नई कार्यकारिणी का गठन, डॉ. इशिता मंडल को अध्यक्ष की जिम्मेदारी
Junior Doctors Association Chhattisgarh ने JDA कबीरधाम की नई कार्यकारिणी की घोषणा की है। डॉ. इशिता मंडल को अध्यक्ष, डॉ. धीरज कुमार श्याम और डॉ. प्रियल दुबे को महासचिव तथा डॉ. एस. आदित्य को सचिव बनाया गया है। नई टीम में उपाध्यक्ष, संयुक्त सचिव, कोषाध्यक्ष, सलाहकार और कार्यकारिणी सदस्यों की भी नियुक्ति की गई है। संगठन मेडिकल विद्यार्थियों और युवा चिकित्सकों के मुद्दों के साथ UG, Intern और PG विद्यार्थियों के बीच समन्वय पर फोकस करेगा। 21 सितंबर से प्रस्तावित स्ट्राइक से पहले प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों में बैठकें भी प्रस्तावित हैं।
UNITED NEWS OF ASIA. सौरभ नामदेव, कवर्धा l Junior Doctors Association Chhattisgarh ने JDA कबीरधाम की नई कार्यकारिणी का गठन करते हुए संगठन के नए पदाधिकारियों, सलाहकारों और कार्यकारिणी सदस्यों की घोषणा की है। संगठन की ओर से 12 सितंबर 2026 को जारी घोषणा के अनुसार नई टीम में डॉ. इशिता मंडल को अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके साथ ही अलग-अलग पदों पर अन्य चिकित्सकों की नियुक्ति की गई है। नई कार्यकारिणी का उद्देश्य मेडिकल विद्यार्थियों और युवा चिकित्सकों से जुड़े मुद्दों को प्रभावी तरीके से उठाना और संगठन के स्तर पर बेहतर समन्वय स्थापित करना बताया गया है।
नई टीम में डॉ. धीरज कुमार श्याम और डॉ. प्रियल दुबे को महासचिव नियुक्त किया गया है। डॉ. एस. आदित्य को सचिव तथा डॉ. रोमा ध्रुव को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं डॉ. सरिता दानसेना और डॉ. संध्या देशलहरे को संयुक्त सचिव बनाया गया है। डॉ. ऋषभ जैन को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। संगठन ने कार्यकारिणी में डॉ. तरुण ठाकुर, डॉ. देवेंद्र प्रजापति, डॉ. पलक कोसम, डॉ. माधव शर्मा और डॉ. अभास हरवानी को सदस्य के रूप में शामिल किया है।