पंडरिया के 62 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान: विधायक भावना बोहरा ने कहा– शिक्षा ही भविष्य की सबसे बड़ी ताकत
पंडरिया विधानसभा में विधायक भावना बोहरा ने CGBSE और CBSE बोर्ड के 10वीं-12वीं में 90% से अधिक अंक लाने वाले 62 मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया।
UNITED NEWS OF ASIA. पंडरिया। शिक्षा को प्रोत्साहन देने और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य को नई दिशा देने के उद्देश्य से पंडरिया विधानसभा में मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। 20 मई को कनक भवन पंडरिया में आयोजित इस कार्यक्रम में विधायक भावना बोहरा ने छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (CGBSE) एवं केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) की 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले 62 मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिन्ह और उपहार प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं। इस आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में शिक्षा के प्रति जागरूकता, प्रतिस्पर्धात्मक भावना, आत्मविश्वास और लक्ष्य के प्रति समर्पण को बढ़ावा देना बताया गया।
इस अवसर पर विधायक भावना बोहरा ने कहा कि शिक्षा किसी भी समाज और राष्ट्र की प्रगति की सबसे मजबूत नींव है। विद्यार्थी देश का भविष्य होते हैं और उनकी सफलता पूरे समाज को प्रेरित करती है। उन्होंने कहा कि पंडरिया विधानसभा के विद्यार्थियों ने लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है और ऐसे प्रतिभाशाली बच्चों का सम्मान करना समाज का दायित्व है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा को केवल पाठ्यक्रम तक सीमित नहीं मानती, बल्कि इसे राष्ट्र निर्माण का प्रभावी माध्यम मानकर कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में शिक्षा के क्षेत्र में विद्यालय उन्नयन, डिजिटल शिक्षा, छात्रावास निर्माण, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और ग्रामीण क्षेत्रों में शैक्षणिक अवसर बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
विधायक भावना बोहरा ने बताया कि पंडरिया विधानसभा में छात्राओं की शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए महाविद्यालयीन छात्राओं हेतु 10 निःशुल्क बस सेवाओं का संचालन किया जा रहा है। साथ ही आगामी सत्र से वनांचल क्षेत्र कुई-कुकदुर और कुंडा क्षेत्र की छात्राओं के लिए दो नई बसें शुरू की जाएंगी।
उन्होंने यह भी कहा कि आर्थिक और आवागमन संबंधी कठिनाइयों के कारण जो विद्यार्थी CGPSC, IIT-JEE और NEET जैसी परीक्षाओं की तैयारी नहीं कर पाते थे, उनके लिए निःशुल्क कोचिंग की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि क्षेत्र के युवा अपने सपनों को पूरा कर सकें।
विधायक ने कहा कि पंडरिया विधानसभा के युवाओं में अपार क्षमता और नेतृत्व कौशल है। उन्हें केवल सही अवसर और मार्गदर्शन की आवश्यकता है। ऐसे सम्मान समारोह विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ाते हैं और उन्हें बड़े लक्ष्य हासिल करने की प्रेरणा देते हैं।
कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष मंजुला देवी कुर्रे, उपाध्यक्ष सुमित तिवारी, जनपद पंचायत अध्यक्ष नंदिनी साहू, उपाध्यक्ष छत्रकिशोर तिवारी, भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थी, अभिभावक और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।