कवर्धा में भाजपा का दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग सम्पन्न, कार्यकर्ताओं को संगठन से राष्ट्र निर्माण तक का दिया गया मंत्र

कवर्धा में आयोजित भाजपा के दो दिवसीय जिला प्रशिक्षण वर्ग में संगठन विस्तार, वैचारिक प्रशिक्षण, सोशल मीडिया, राष्ट्र निर्माण और कार्यकर्ता विकास जैसे विषयों पर विस्तृत मार्गदर्शन दिया गया।

May 21, 2026 - 16:43
 0  2
कवर्धा में भाजपा का दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग सम्पन्न, कार्यकर्ताओं को संगठन से राष्ट्र निर्माण तक का दिया गया मंत्र

UNITED NEWS OF ASIA. कवर्धा। भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026 के अंतर्गत दो दिवसीय जिला प्रशिक्षण वर्ग का समापन बुधवार को हुआ। 19 और 20 मई को जी-श्याम पैलेस में आयोजित इस प्रशिक्षण वर्ग में संगठनात्मक मजबूती, वैचारिक प्रशिक्षण और राष्ट्र निर्माण से जुड़े विभिन्न विषयों पर कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन दिया गया।

प्रशिक्षण वर्ग के उद्घाटन अवसर पर संगठन महामंत्री पवन साय ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित संगठन है और कार्यकर्ता ही उसकी वास्तविक शक्ति हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं को केवल संगठन का साधन नहीं बल्कि विकसित राष्ट्र के संकल्प का वाहक मानती है। अनुशासन, समन्वय और सुव्यवस्थित कार्यप्रणाली किसी भी संगठन की सफलता का आधार होती है।

उन्होंने कहा कि भाजपा विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन है, जिसकी शक्ति उसके समर्पित कार्यकर्ता और पारिवारिक कार्यसंस्कृति है।

प्रथम सत्र में पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने प्रशिक्षण की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भाजपा की सफलता के पीछे प्रशिक्षित और समर्पित कार्यकर्ताओं की बड़ी भूमिका रही है।

दूसरे सत्र में शताब्दी पांडेय ने भाजपा के इतिहास और विचारधारा पर चर्चा करते हुए संगठन को राष्ट्र सेवा और सांस्कृतिक मूल्यों से जुड़ा बताया।

प्रशिक्षण के अन्य सत्रों में छत्तीसगढ़ की संस्कृति एवं विरासत, बूथ प्रबंधन, संवैधानिक एवं वैचारिक अधिष्ठान, पंचनिष्ठा, संगठन विस्तार, कार्यकर्ता विकास, मीडिया प्रबंधन और डिजिटल प्लेटफॉर्म के उपयोग जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

प्रदेश प्रवक्ता जसविंदर बग्गा ने सोशल मीडिया और एआई टूल्स के प्रभावी उपयोग को लेकर कार्यकर्ताओं को व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया। वहीं डॉ. श्रद्धा मिश्रा ने नमो ऐप, सरल ऐप और डिजिटल माध्यमों के संगठनात्मक उपयोग की जानकारी साझा की।

पूर्व सांसद अभिषेक सिंह ने देश के समक्ष चुनौतियों और उनके समाधान पर चर्चा करते हुए विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को लेकर कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।

समापन सत्र में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि भाजपा की सरकारें राष्ट्र प्रथम की भावना से कार्य करती हैं। उन्होंने धारा 370 हटाने, श्रीराम मंदिर निर्माण, नक्सलवाद के खिलाफ कार्रवाई, पीएम आवास योजना, जल जीवन मिशन और महतारी वंदन योजना जैसे निर्णयों को सरकार की उपलब्धियों के रूप में प्रस्तुत किया।

उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता अनुशासित, समर्पित और सक्रिय हैं तथा उन्हें और अधिक सक्षम बनाने के लिए समय-समय पर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।

इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष राजेंद्र चंद्रवंशी, पूर्व विधायक डॉ. सियाराम साहू, पूर्व विधायक मोतीराम चंद्रवंशी, जिला पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।