इन्दौरी को विकास की बड़ी सौगात: विधायक भावना बोहरा ने 2.85 करोड़ के कार्यों का किया लोकार्पण-भूमिपूजन
पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने नगर पंचायत इन्दौरी में 2 करोड़ 85 लाख रुपये से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इस दौरान सुशासन तिहार में शामिल होकर जनसमस्याओं का निराकरण भी किया।
UNITED NEWS OF ASIA. पंडरिया/इन्दौरी। पंडरिया विधानसभा के अंतर्गत नगर पंचायत इन्दौरी में विकास कार्यों को नई गति देने की दिशा में विधायक भावना बोहरा ने 2 करोड़ 85 लाख 5 हजार रुपए से अधिक की लागत वाले विभिन्न विकास एवं अधोसंरचना निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया।
कार्यक्रम के दौरान विधायक भावना बोहरा ने नगरवासियों को विकास कार्यों की सौगात देते हुए कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार बनने और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में विकास योजनाओं को तेजी से जमीन पर उतारा जा रहा है।
इस अवसर पर विधायक ने 1 करोड़ 91 लाख 87 हजार रुपए की लागत से बनने वाले मिनी स्टेडियम और 53 लाख 72 हजार रुपए की लागत वाले एसएलआरएम सेंटर का भूमिपूजन किया। साथ ही 20 लाख रुपए की लागत से निर्मित सरदार वल्लभभाई पटेल चौक और 19 लाख 91 हजार रुपए की लागत से निर्मित परम पूज्य गुरु घासीदास बाबा चौक का लोकार्पण कर नगरवासियों को शुभकामनाएं दीं।
विधायक भावना बोहरा ने कहा कि सड़क, खेल, शिक्षा, सौंदर्यीकरण, पेयजल और जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों के माध्यम से इन्दौरी नगर विकसित नगरों की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि विकास केवल निर्माण कार्य नहीं बल्कि जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने का माध्यम है।
कार्यक्रम के दौरान विधायक सुशासन तिहार अंतर्गत आयोजित समाधान शिविर में भी शामिल हुईं। यहां उन्होंने नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को समाधान के निर्देश दिए। इसके साथ ही शासकीय योजनाओं के हितग्राहियों को सामग्री वितरण और गर्भवती माताओं की गोदभराई कार्यक्रम भी संपन्न हुआ।
विधायक ने कहा कि सुशासन तिहार के माध्यम से शासन और प्रशासन सीधे जनता तक पहुंच रहा है और लोगों की आवश्यकताओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि नगर पंचायत इन्दौरी में बीते वर्षों में लगभग 10 करोड़ रुपए के विकास कार्यों को स्वीकृति मिली है। इनमें मुक्तिधाम उन्नयन, व्यावसायिक परिसर, इन्दौरी-बहरमुड़ा सड़क निर्माण, मंगल भवन, सौंदर्यीकरण, हाई मास्ट लाइट, सीसी रोड, नाली निर्माण और विद्यालय उन्नयन जैसे कई कार्य शामिल हैं।
उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में इन्दौरी सहित पूरे पंडरिया विधानसभा क्षेत्र में जनता की आकांक्षाओं के अनुरूप विकास कार्यों की गति और तेज होगी।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य रोशन दुबे, नगर पंचायत अध्यक्ष मिंत्रीन मंहगीलाल माण्डले, उपाध्यक्ष जसवंत कुमार साहू, भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।