एलपीजी उपभोक्ताओं की सुरक्षा पर प्रशासन सख्त, ई-केवाईसी और सुरक्षा जांच अभियान चलाने के निर्देश

कवर्धा जिले में एलपीजी उपभोक्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर गोपाल वर्मा ने सभी गैस एजेंसियों को ई-केवाईसी, सुरक्षा जांच, एक्सपायरी हाउस पाइप बदलने और पांच वर्षीय अनिवार्य निरीक्षण कराने के निर्देश दिए हैं।

Jul 31, 2026 - 18:12
 0  2
एलपीजी उपभोक्ताओं की सुरक्षा पर प्रशासन सख्त, ई-केवाईसी और सुरक्षा जांच अभियान चलाने के निर्देश

UNITED NEWS OF ASIA. कवर्धा। जिले में एलपीजी उपभोक्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने विशेष अभियान शुरू करने का निर्णय लिया है। कलेक्टर गोपाल वर्मा ने सभी गैस एजेंसियों को निर्देश जारी करते हुए पंजीकृत उपभोक्ताओं, विशेष रूप से प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के हितग्राहियों का बायोमेट्रिक आधारित ई-केवाईसी अनिवार्य रूप से पूर्ण कराने के साथ-साथ गैस उपकरणों की सुरक्षा जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा एक्सपायरी हो चुके हाउस पाइप बदलने और सुरक्षा मानकों का पालन कराने पर भी विशेष जोर दिया गया है।

कलेक्टर ने सभी गैस एजेंसी संचालकों को निर्देशित किया है कि भारत के राजपत्र में निर्धारित प्रावधानों के अनुरूप प्रत्येक उपभोक्ता के घर में केवल आईएस 9573 मानक वाले हाउस पाइप का ही उपयोग हो। जिन उपभोक्ताओं के यहां लोकल या एक्सपायरी अवधि पूरी कर चुके पाइप लगे हैं, उन्हें तत्काल बदलकर मानक गुणवत्ता वाले नए पाइप लगाए जाएं, ताकि गैस रिसाव और दुर्घटनाओं की संभावना को कम किया जा सके।

उन्होंने कहा कि एलपीजी सिलेंडर और गैस उपकरणों के सुरक्षित उपयोग के संबंध में जानकारी के अभाव में कई बार दुर्घटनाएं हो जाती हैं। इसे ध्यान में रखते हुए प्रत्येक उपभोक्ता के यहां निर्धारित अवधि के अनुसार पांच वर्षीय अनिवार्य सुरक्षा जांच कराई जाए। इस जांच के दौरान गैस चूल्हा, रेगुलेटर, हाउस पाइप और अन्य संबंधित उपकरणों की गुणवत्ता की जांच की जाएगी तथा खराब या समयावधि पूरी कर चुके उपकरणों को बदलने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

सुरक्षा अभियान के तहत गैस एजेंसियों को उपभोक्ताओं को गैस के सुरक्षित उपयोग के बारे में जागरूक करने के निर्देश भी दिए गए हैं। उपभोक्ताओं को भोजन बनाते समय बरती जाने वाली सावधानियों, गैस रिसाव की स्थिति में अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों और आपातकालीन परिस्थितियों में किए जाने वाले आवश्यक कदमों की जानकारी दी जाएगी, ताकि दुर्घटनाओं से बचाव सुनिश्चित हो सके।

कलेक्टर ने निर्देश दिया है कि सभी गैस एजेंसियां ई-केवाईसी, सुरक्षा जांच और उपकरण परिवर्तन की प्रगति रिपोर्ट नियमित रूप से जिला कार्यालय एवं संबंधित सेल्स ऑफिसर को उपलब्ध कराएं। साथ ही उपभोक्ताओं के ऑनलाइन गैस कनेक्शन रिकॉर्ड में भी सभी आवश्यक जानकारियां समय-समय पर अपडेट करना सुनिश्चित करें। प्रशासन का मानना है कि इस अभियान से जिले में एलपीजी उपभोक्ताओं की सुरक्षा और जागरूकता दोनों में उल्लेखनीय सुधार होगा।