गरियाबंद में पारिवारिक विवाद खूनी संघर्ष में बदला, भाई ने भाई और जीजा पर तीर से किया हमला
गरियाबंद जिले के अमलीपदर थाना क्षेत्र के घूमरापदर गांव में पारिवारिक विवाद के दौरान एक व्यक्ति ने अपने भाई और जीजा पर धनुष-बाण से हमला कर दिया। हमले में भाई गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि जीजा भी घायल हुए। आरोपी घटना के बाद फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
UNITED NEWS OF ASIA. राधे पटेल, गरियाबंद l जिले के अमलीपदर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम घूमरापदर में पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। यहां एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपने सगे भाई और जीजा पर धनुष-बाण से हमला कर दिया। हमले में भाई गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि बीच-बचाव करने पहुंचे जीजा भी घायल हो गए। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव निवासी राजूराम कमार का किसी बात को लेकर अपने भाई गुनासिंग कमार से विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर राजूराम ने धनुष-बाण से हमला कर दिया। हमले के दौरान छोड़ा गया एक तीर गुनासिंग की पीठ में जाकर धंस गया। बताया जा रहा है कि तीर शरीर के अंदर काफी गहराई तक चला गया, जिससे उनकी हालत गंभीर हो गई।
घटना के दौरान गुनासिंग को बचाने पहुंचे उनके जीजा नीमासिंग भी हमले की चपेट में आ गए। दूसरा तीर उनके हाथ को घायल करता हुआ पास के एक पेड़ में जा लगा। इस घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और परिजनों तथा ग्रामीणों ने दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया।
गंभीर रूप से घायल गुनासिंग को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमलीपदर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला चिकित्सालय गरियाबंद रेफर किया गया। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद पाया कि तीर पीठ में काफी गहराई तक धंसा हुआ है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार और सुरक्षित तरीके से तीर निकालने के लिए रायपुर रेफर कर दिया गया, जहां उनका इलाज जारी है। वहीं नीमासिंग का उपचार स्थानीय स्तर पर किया गया।
घटना के बाद आरोपी राजूराम कमार मौके से फरार हो गया। अमलीपदर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में उसकी खोजबीन कर रही है और जल्द गिरफ्तारी की उम्मीद जताई जा रही है।
घटना के संबंध में घायल के भाई चैनसिंग कमार ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। जिला चिकित्सालय के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. हरीश चौहान ने बताया कि घायल की स्थिति गंभीर थी और तीर शरीर में गहराई तक धंसा होने के कारण उसे विशेषज्ञ उपचार के लिए रायपुर रेफर किया गया। वहीं एडिशनल एसपी करण उईके ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस ने कहा है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।