रायपुर प्रेस क्लब खेल मड़ई का शानदार आगाज, उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने किया क्रिकेट स्पर्धा का शुभारंभ

रायपुर प्रेस क्लब के खेल मड़ई का भव्य शुभारंभ उपमुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव ने किया। स्व. कुलदीप निगम स्मृति इंटर प्रेस क्रिकेट स्पर्धा का पहला मुकाबला संपादक इलेवन और पूर्व पदाधिकारी इलेवन के बीच खेला गया, जिसमें रोमांचक मुकाबले में संपादक इलेवन ने जीत दर्ज की।

Feb 1, 2026 - 13:43
 0  4
रायपुर प्रेस क्लब खेल मड़ई का शानदार आगाज, उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने किया क्रिकेट स्पर्धा का शुभारंभ

UNITED NEWS OF ASIA.अमृतेश्वर सिंह, रायपुर। रायपुर प्रेस क्लब के बहुप्रतीक्षित खेल मड़ई का आज शानदार और उत्साहपूर्ण आगाज हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री  अरुण साव ने किया। इस अवसर पर पत्रकारों में खेल भावना, आपसी सौहार्द और उत्साह का माहौल देखने को मिला।

खेल मड़ई के अंतर्गत आयोजित स्वर्गीय कुलदीप निगम स्मृति इंटर प्रेस क्रिकेट स्पर्धा का पहला मुकाबला संपादक इलेवन और पूर्व पदाधिकारी इलेवन टीम के बीच खेला गया। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मुकाबले को अत्यंत रोमांचक और यादगार बना दिया। दर्शकों और उपस्थित पत्रकारों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन कर खेल का भरपूर आनंद लिया।

मैच का अंतिम ओवर बेहद दिलचस्प और कांटे की टक्कर वाला रहा। दोनों टीमों के बीच जीत को लेकर अंतिम गेंद तक रोमांच बना रहा। अंततः कप्तान रामअवतार तिवारी के नेतृत्व में संपादक इलेवन टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मुकाबले में जीत दर्ज की। वहीं पूर्व पदाधिकारी इलेवन टीम की कप्तानी रायपुर प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष  अनिल पुसदकर ने की। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने खेल भावना का परिचय देते हुए एक-दूसरे का उत्साह बढ़ाया।

उद्घाटन अवसर पर उपमुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव ने कहा कि पत्रकारों के बीच इस प्रकार के खेल आयोजन न केवल शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए उपयोगी होते हैं, बल्कि आपसी मेलजोल और सौहार्द को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने रायपुर प्रेस क्लब द्वारा आयोजित खेल मड़ई की सराहना करते हुए सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर रायपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष  मोहन तिवारी, महासचिव  गौरव शर्मा, उपाध्यक्ष  दिलीप साहू, कोषाध्यक्ष  दिनेश यदु, सहसचिव  निवेदिता साहू एवं भूपेश जांगड़े उपस्थित रहे। इसके साथ ही खेल आयोजन समिति के संयोजक  विजय मिश्रा तथा बड़ी संख्या में पत्रकार साथी कार्यक्रम में शामिल हुए।

रायपुर प्रेस क्लब खेल मड़ई के माध्यम से पत्रकारों के बीच खेल प्रतिभा को प्रोत्साहन देने के साथ-साथ सकारात्मक ऊर्जा और टीम भावना को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है। पहले ही मुकाबले से यह स्पष्ट हो गया कि आने वाले मैच भी दर्शकों और प्रतिभागियों के लिए रोमांच से भरपूर रहने वाले हैं।