कबीरधाम में गांव-गांव जन चौपाल, पुलिस ने ग्रामीणों को किया जागरूक

कबीरधाम पुलिस ने ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस और आमजन के बीच संवाद बढ़ाने के उद्देश्य से रेंगाखार, सिंघनपुरी जंगल और पांडातराई थाना क्षेत्रों के गांवों में जन चौपाल एवं चलित थाना लगाया। पुलिस ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और नशे के अवैध कारोबार, आपसी विवाद तथा साइबर अपराध से बचाव को लेकर जागरूक किया।

Sep 20, 2026 - 12:53
 0  2
कबीरधाम में गांव-गांव जन चौपाल, पुलिस ने ग्रामीणों को किया जागरूक

UNITED NEWS OF ASIA. सौरभ नामदेव, कबीरधाम l ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस की मौजूदगी को प्रभावी बनाने और पुलिस एवं आमजन के बीच लगातार संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से कबीरधाम पुलिस द्वारा गांव-गांव जन चौपाल एवं चलित थाना का आयोजन किया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित कुमार पटेल के मार्गदर्शन में थाना रेंगाखार, सिंघनपुरी जंगल और पांडातराई क्षेत्र के विभिन्न गांवों में पुलिस टीम ग्रामीणों के बीच पहुंची और स्थानीय समस्याओं एवं सुरक्षा से जुड़े विषयों पर चर्चा की।

थाना रेंगाखार पुलिस द्वारा ग्राम खारा, थाना सिंघनपुरी जंगल पुलिस द्वारा ग्राम कटोरी तथा थाना पांडातराई पुलिस द्वारा ग्राम मोहतराकला में जन चौपाल का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर गांव की सुरक्षा व्यवस्था, आपसी विवाद, नशे से संबंधित गतिविधियों और अन्य स्थानीय समस्याओं की जानकारी ली। ग्रामीणों ने भी अपने क्षेत्र से जुड़े विभिन्न विषय पुलिस के सामने रखे। पुलिस ने समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक सहयोग और कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

जन चौपाल के दौरान पुलिस ने ग्रामीणों को समझाइश दी कि गांव में आपसी, पारिवारिक या जमीन संबंधी विवाद होने पर उसे बढ़ाने के बजाय समय रहते पुलिस या संबंधित विभाग को इसकी जानकारी दें। पुलिस के अनुसार, किसी समस्या की समय पर सूचना मिलने से उसके समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने और गांव में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहायता मिलती है। ग्रामीणों से गांव और आसपास होने वाली संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने तथा किसी भी आपराधिक या अवैध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस तक पहुंचाने की अपील भी की गई।

पुलिस टीम ने ग्रामीणों और युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी देते हुए नशे से दूर रहने की अपील की। ग्रामीणों से कहा गया कि यदि क्षेत्र में कोई व्यक्ति नशीले पदार्थों या अन्य नशीली वस्तुओं के अवैध कारोबार में संलिप्त पाया जाता है, तो इसकी सूचना संबंधित थाना पुलिस को दी जाए, ताकि नियमानुसार कार्रवाई की जा सके।

ग्राम मोहतरा में आयोजित जन चौपाल में तहसीलदार नेहा उके और थाना प्रभारी पांडातराई निरीक्षक कमलाकांत शुक्ला की मौजूदगी में ग्रामीणों से संवाद किया गया। वहीं मोहतराकला में साइबर जागृति अभियान के तहत ऑनलाइन ठगी और साइबर अपराध से बचाव के उपाय बताए गए। पुलिस ने ग्रामीणों को OTP, ATM PIN, CVV और UPI PIN जैसी गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति से साझा नहीं करने की सलाह दी। संदिग्ध लिंक, अनजान कॉल और ऑनलाइन भुगतान से जुड़े संदेशों को लेकर सतर्क रहने तथा साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर सूचना देने की जानकारी भी दी गई।

ग्राम खारा में सरपंच राकेश श्रीवास्तव सहित ग्रामीणों ने सुरक्षा संबंधी विषय पुलिस के सामने रखे। ग्राम कटोरी में भी बड़ी संख्या में ग्रामीण जन चौपाल में शामिल हुए। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने ग्रामीणों को सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग का भरोसा दिलाया। पुलिस का कहना है कि ग्रामीण क्षेत्रों में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए पुलिस एवं ग्रामीणों के बीच निरंतर संवाद और आपसी विश्वास महत्वपूर्ण है। जन चौपाल और चलित थाना इसी दिशा में किए जा रहे प्रयासों का हिस्सा हैं।