कपिध्वज करियर गाइडेंस कार्यक्रम से हजारों विद्यार्थियों को मिली नई दिशा
सूरजपुर के भटगांव स्टेडियम ग्राउंड में आयोजित कपिध्वज करियर गाइडेंस कार्यक्रम में 6 से 8 हजार से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े और करियर एक्सपर्ट नितिन विजय (एन वी सर) ने आत्मविश्वास, लक्ष्य और सही मार्गदर्शन से सफलता का मंत्र दिया।
UNITED NEWS OF ASIA.अमृतेश्वर सिंह, रायपुर। छत्तीसगढ़ के युवाओं को आत्मनिर्भर, लक्ष्यनिष्ठ और सशक्त बनाने के उद्देश्य से राज्य शासन द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े की पहल पर सूरजपुर जिले के भटगांव स्थित स्टेडियम ग्राउंड में कपिध्वज करियर गाइडेंस कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में 6 से 8 हजार से अधिक विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर अपने भविष्य को लेकर महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्राप्त किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि आज का युवा ही देश और समाज के भविष्य का निर्माणकर्ता है। उन्होंने कहा कि आत्मविश्वास, कड़ी मेहनत और सही मार्गदर्शन से ही सपने साकार होते हैं। युवाओं के कंधों पर राष्ट्र निर्माण की बड़ी जिम्मेदारी है, जिसे निभाने के लिए स्पष्ट लक्ष्य, समय प्रबंधन और निरंतर परिश्रम आवश्यक है। मंत्री ने शिक्षा को सफलता की सबसे मजबूत नींव बताते हुए विद्यार्थियों से अपील की कि वे अपने मूल्यों, जीवनशैली और दीर्घकालिक उद्देश्यों को ध्यान में रखकर करियर का चयन करें तथा ऐसे मार्गदर्शन कार्यक्रमों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।
कार्यक्रम में देश के प्रतिष्ठित करियर मार्गदर्शक एवं कोटा (राजस्थान) स्थित मोशन कोचिंग सेंटर के संस्थापक एवं सीईओ नितिन विजय, जिन्हें एन वी सर के नाम से जाना जाता है, ने विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, करियर चयन, समय प्रबंधन, आत्मविश्वास निर्माण और लक्ष्य आधारित अध्ययन पर प्रभावशाली मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि “सोच ऊंची होगी तो उड़ान भी ऊंची होगी।” कठिन परिस्थितियों में भी धैर्य और आत्मविश्वास बनाए रखने वाला व्यक्ति ही सफलता प्राप्त करता है।
नितिन विजय ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि सफलता पहले मन में और फिर वास्तविक जीवन में प्राप्त होती है, इसलिए छात्रों को मानसिक और व्यवहारिक दोनों स्तरों पर स्वयं को सफलता के लिए तैयार करना चाहिए। उन्होंने करियर चयन से पहले अपनी रुचि, क्षमता और व्यक्तित्व को समझने तथा गलतियों से सीखने को आगे बढ़ने का मूलमंत्र बताया।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ वन विकास निगम के अध्यक्ष रामसेवक पैकरा, जिला पंचायत अध्यक्ष चंद्रमणी देवपाल सिंह पैकरा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण, शिक्षक, युवा और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित विद्यार्थियों और नागरिकों ने बाल विवाह उन्मूलन एवं नशा मुक्त भारत के संकल्प के साथ शपथ लेकर सामाजिक जागरूकता और सकारात्मक बदलाव का संदेश दिया।