रविवार को 35.98 लाख बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की दो बूंद, स्वास्थ्य विभाग की सभी तैयारियां पूरी

छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत 28 जून को पांच वर्ष तक के 35.98 लाख बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाई जाएगी। अभियान के लिए 14,396 बूथों पर 57 हजार से अधिक वैक्सीनेटर तैनात किए गए हैं। 29 और 30 जून को घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को भी दवा पिलाई जाएगी।

Jun 28, 2026 - 10:37
 0  3
रविवार को 35.98 लाख बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की दो बूंद, स्वास्थ्य विभाग की सभी तैयारियां पूरी

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत रविवार, 28 जून को छत्तीसगढ़ में पांच वर्ष तक के 35 लाख 98 हजार 904 बच्चों को पोलियो से बचाव की दवा की दो बूंद पिलाई जाएगी। अभियान के सफल संचालन के लिए स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। राज्यभर में 14,396 पोलियो बूथ स्थापित किए गए हैं, जहां 57 हजार से अधिक वैक्सीनेटर और स्वास्थ्यकर्मी बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगे।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार अभियान के संचालन के लिए 28,791 टीमें गठित की गई हैं। बूथ दिवस के बाद 29 और 30 जून को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर उन बच्चों को भी पोलियो की दवा पिलाएंगी, जो किसी कारणवश बूथ तक नहीं पहुंच पाएंगे। अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि जन्म से पांच वर्ष तक का कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे।

राज्य के सभी 33 जिलों में अभियान की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिला एवं विकासखंड स्तर पर टास्क फोर्स की बैठकें आयोजित कर विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित किया गया है। स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं, पर्यवेक्षकों और टीकाकरण दलों का प्रशिक्षण पूरा हो चुका है। इसके अलावा माइक्रोप्लान का सत्यापन, वैक्सीन की उपलब्धता, कोल्ड चेन प्रबंधन तथा आवश्यक लॉजिस्टिक व्यवस्थाओं को भी अंतिम रूप दे दिया गया है।

अभियान के दौरान विशेष रूप से दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों, शहरी मलिन बस्तियों, ईंट-भट्ठों, निर्माण स्थलों तथा प्रवासी एवं घुमंतू परिवारों के बच्चों तक पहुंच बनाई जाएगी। विभाग ने ऐसे क्षेत्रों के लिए अलग रणनीति तैयार की है ताकि कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक लेने से वंचित न रहे।

राज्य टीकाकरण अधिकारी डॉ. वी.आर. भगत ने बताया कि राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान की सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को निर्धारित पोलियो बूथों पर लेकर अवश्य पहुंचें। यदि किसी कारणवश वे बूथ तक नहीं पहुंच पाते हैं, तो घर आने वाली स्वास्थ्य टीम का सहयोग करें।

स्वास्थ्य विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि जिन बच्चों को पहले नियमित टीकाकरण या पूर्व के पल्स पोलियो अभियान में पोलियो की खुराक मिल चुकी है, उन्हें भी इस अभियान के दौरान पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलाई जानी चाहिए। विभाग का कहना है कि पोलियो मुक्त भारत की उपलब्धि को बनाए रखने के लिए प्रत्येक बच्चे तक पहुंचना और उसे समय पर पोलियो की खुराक देना बेहद आवश्यक है।

स्वास्थ्य विभाग ने सभी अभिभावकों से अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने और अपने बच्चों को पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलाने की अपील की है।