छत्तीसगढ़ में खाद्य विभाग के अधिकारियों के तबादले, कई जिलों में नई पदस्थापना

छत्तीसगढ़ शासन के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने जनहित और प्रशासनिक आधार पर 6 अधिकारियों के तबादले किए हैं। जशपुर, महासमुंद, बस्तर, MCB सहित कई जिलों में नई पदस्थापना की गई है।

Jun 11, 2026 - 16:11
 0  3
छत्तीसगढ़ में खाद्य विभाग के अधिकारियों के तबादले, कई जिलों में नई पदस्थापना

UNITED NEWS OF ASIA. हेमंत कुमार, रायपुर l नवा रायपुर स्थित महानदी भवन से छत्तीसगढ़ शासन के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए विभाग में कार्यरत खाद्य अधिकारियों और सहायक खाद्य अधिकारियों के तबादले के आदेश जारी किए हैं। यह आदेश अवर सचिव के हस्ताक्षर से जारी हुआ है, जिसमें कुल 6 अधिकारियों की नई पदस्थापना की गई है। शासन ने स्पष्ट किया है कि यह निर्णय प्रशासनिक आवश्यकताओं और जनहित को ध्यान में रखते हुए लिया गया है

जारी आदेश के अनुसार मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (MCB) में पदस्थ सहायक खाद्य अधिकारी को स्थानांतरित कर बस्तर जिले में भेजा गया है। इसी प्रकार जशपुर जिले में कार्यरत खाद्य अधिकारी को अब महासमुंद जिले की जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह बदलाव जिलों में खाद्य आपूर्ति व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से किया गया है

राजनांदगांव में पदस्थ खाद्य अधिकारी को स्थानांतरित कर जशपुर जिले का नया खाद्य अधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं सरगुजा जिले से हटाकर एक अन्य खाद्य अधिकारी को संचालनालय, नवा रायपुर में पदस्थ किया गया है, जहां उन्हें विभागीय कार्यों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी जाएगी।

इसके अतिरिक्त संचालनालय नवा रायपुर में कार्यरत सहायक खाद्य अधिकारी को खैरागढ़-छुईखदान-गण्डई जिले में प्रभारी खाद्य अधिकारी के रूप में पदस्थ किया गया है। इसी तरह दुर्ग जिले में पदस्थ सहायक खाद्य अधिकारी को दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा भेजा गया है, जहां उन्हें खाद्य वितरण व्यवस्था और संबंधित प्रशासनिक कार्यों का दायित्व निभाना होगा।

आदेश में यह भी उल्लेख किया गया है कि सरगुजा जिले में कार्यरत सहायक खाद्य अधिकारी अपने वर्तमान पद पर ही प्रभारी खाद्य अधिकारी के रूप में यथावत कार्यरत रहेंगे, उनके पद में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है।

शासन ने सभी स्थानांतरित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे तत्काल प्रभाव से अपने नवीन पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण करें। आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि यदि कोई अधिकारी निर्धारित समय सीमा में नवीन पद पर कार्यभार ग्रहण नहीं करता है, तो उसे सामान्य प्रशासन विभाग के नियमों के अनुसार एकतरफा कार्यमुक्त माना जाएगा। साथ ही यह भी प्रावधान है कि नवीन पदस्थापना स्थल पर ज्वाइनिंग के बाद ही संबंधित अधिकारियों का आगामी माह का वेतन आहरित किया जाएगा।

इस तबादला सूची को राज्य में खाद्य आपूर्ति व्यवस्था को अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। विभागीय स्तर पर उम्मीद जताई जा रही है कि नए अधिकारियों की पदस्थापना से जिलों में सार्वजनिक वितरण प्रणाली और उपभोक्ता सेवाओं में और अधिक सुधार देखने को मिलेगा।