सेलून कर्मचारी पर चाकू से हमला करने वाले तीन आरोपी और एक नाबालिग गिरफ्तार, पंडरी पुलिस ने घटना के 72 घंटे में किया खुलासा

रायपुर के पंडरी थाना क्षेत्र में आर्यन युनिक सेलून के कर्मचारी पर चाकू से हमला करने वाले तीन आरोपियों और एक नाबालिग को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने दुकान में घुसकर 5,000 रुपये की मांग करते हुए हमला किया था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक चाकू जब्त किया है।

Oct 28, 2025 - 11:15
 0  19
सेलून कर्मचारी पर चाकू से हमला करने वाले तीन आरोपी और एक नाबालिग गिरफ्तार, पंडरी पुलिस ने घटना के 72 घंटे में किया खुलासा

UNITED NEWS OF ASIA. हसीब अख्तर, रायपुर। राजधानी रायपुर के पंडरी थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े एक सेलून कर्मचारी पर चाकू से हमला करने वाले तीन आरोपियों और एक नाबालिग को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। घटना 23 अक्टूबर की है, जब मोवा स्थित आर्यन युनिक सेलून में चार युवक पैसे की मांग को लेकर पहुंचे और विरोध करने पर कर्मचारी पर चाकू से हमला कर दिया।

 

प्रार्थी मेराज आलम ने थाना पंडरी में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह अशोका हाइट्स के पीछे स्थित आर्यन युनिक सेलून में कार्य करता है। घटना के दिन दोपहर लगभग 12 बजे सरबाज खान, मारी सेठ, सोहेल खान और एक नाबालिग दुकान में आए और 5,000 रुपये तुरंत देने की धमकी दी। मना करने पर उन्होंने अश्लील गालियां दीं और चाकू से मेराज पर हमला कर घायल कर दिया। साथ ही एक अन्य व्यक्ति के साथ मारपीट कर आरोपी मौके से फरार हो गए।

 

घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने अपराध क्रमांक 287/25 दर्ज किया और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट के साथ संयुक्त टीम बनाकर जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपियों के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में दुर्गेश मरकंडेय उर्फ मारी सेठ (24 वर्ष), सोहेल खान (22 वर्ष), सरबाज खान (23 वर्ष) और एक विधि के साथ संघर्षरत बालक शामिल है। पुलिस ने उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक चाकू भी जब्त किया है।

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी सरबाज खान के खिलाफ पहले से भी मारपीट के मामले दर्ज हैं। पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ धारा 115(2), 119(1), 296, 351(3), 3(5) बी.एन.एस. के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक स्वराज त्रिपाठी एवं एंटी क्राइम यूनिट प्रभारी निरीक्षक परेश कुमार पांडेय सहित टीम के सदस्यों — रविकांत पांडेय, प्रमोद बेहरा, कलेश्वर कश्यप, विजय बंजारे, धनेश्वर कुर्रे, कमल पटेल, हरिशंकर पटेल, समारू सिंह और संदीप सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस ने कहा है कि शहर में इस तरह की आपराधिक हरकतों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और जनता की सुरक्षा के लिए ऐसी कार्रवाइयां लगातार जारी रहेंगी।