रायपुर रेल मंडल में ‘सतर्कता हमारी साझा जिम्मेदारी’ थीम के साथ सतर्कता जागरूकता सप्ताह का शुभारंभ, मंडल रेल प्रबंधक दयानंद ने दिलाई सत्यनिष्ठा प्रतिज्ञा
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर मंडल में 27 अक्टूबर से 2 नवंबर तक सतर्कता जागरूकता सप्ताह मनाया जा रहा है। ‘सतर्कता: हमारी साझा जिम्मेदारी’ थीम पर आयोजित इस सप्ताह का शुभारंभ मंडल रेल प्रबंधक दयानंद ने अधिकारियों व कर्मचारियों को सत्यनिष्ठा की प्रतिज्ञा दिलाकर किया।
UNITED NEWS OF ASIA. हसीब अख्तर, रायपुर। केंद्रीय सतर्कता आयोग के निर्देशानुसार देशभर में 27 अक्टूबर से 2 नवंबर 2025 तक सतर्कता जागरूकता सप्ताह मनाया जा रहा है। इसी क्रम में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर मंडल में भी यह सप्ताह “सतर्कता: हमारी साझा जिम्मेदारी (Vigilance: Our Shared Responsibility)” थीम के साथ आरंभ हुआ।
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक श्री दयानंद ने मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में अधिकारियों और कर्मचारियों को सत्यनिष्ठा प्रतिज्ञा दिलाई। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कर्मचारी को ईमानदारी, पारदर्शिता और निष्पक्षता के उच्चतम मानकों का पालन करना चाहिए। भ्रष्टाचार के विरुद्ध संघर्ष में सभी की सहभागिता आवश्यक है ताकि भ्रष्टाचार मुक्त भारत, विकसित भारत के लक्ष्य को साकार किया जा सके।
प्रतिज्ञा में उपस्थित सभी कर्मचारियों ने यह संकल्प लिया कि वे अपने सभी कार्य ईमानदारी और पारदर्शिता से करेंगे, किसी भी परिस्थिति में रिश्वत नहीं लेंगे और न ही देंगे, तथा अपने निजी और व्यावसायिक आचरण में सत्यनिष्ठा बनाए रखेंगे।
सतर्कता जागरूकता सप्ताह के दौरान रेलवे उपभोक्ताओं को भी पारदर्शिता और ईमानदारी के महत्व से अवगत कराने के लिए विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इनमें जागरूकता रैली, निबंध लेखन प्रतियोगिता, सेमिनार और सतर्कता संबंधी व्याख्यान शामिल हैं।
कार्यक्रम में अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री बजरंग अग्रवाल, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री अवधेश कुमार त्रिवेदी, तथा वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी श्री राहुल गर्ग सहित मंडल के वरिष्ठ अधिकारी एवं बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे।
रायपुर रेल मंडल प्रशासन का उद्देश्य सतर्कता और नैतिक मूल्यों को संस्थागत रूप से मजबूत करना है ताकि रेलवे की सभी सेवाओं में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जा सके।
सतर्कता जागरूकता सप्ताह के साथ-साथ 18 अगस्त से 17 नवंबर 2025 तक चल रहे तीन माह के सतर्कता जागरूकता अभियान के तहत भी विभिन्न जनजागरूकता गतिविधियाँ आयोजित की जा रही हैं।
रायपुर रेल मंडल द्वारा इस अभियान के माध्यम से रेलवे कर्मचारियों और उपभोक्ताओं दोनों में यह संदेश प्रसारित किया जा रहा है कि — सतर्कता केवल एक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि एक सामूहिक संकल्प है।