अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर चेम्बर के दो भव्य आयोजन, 51 योग गुरुओं का होगा सम्मान
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज द्वारा 21 जून को दो विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सुबह चेम्बर हॉल में योग एवं ध्यान शिविर और शाम को मैग्नेटो मॉल में ‘योग लेजेंट्स’ समारोह में 51 योग गुरुओं का सम्मान किया जाएगा।
UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज द्वारा 21 जून 2026 को व्यापारियों और आम नागरिकों के लिए दो विशेष एवं भव्य कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। सुबह चेम्बर हॉल में योग एवं ध्यान शिविर का आयोजन होगा, जबकि शाम को रायपुर के मैग्नेटो मॉल में ‘योग लेजेंट्स’ समारोह आयोजित कर 51 योग गुरुओं का सम्मान किया जाएगा।
कार्यक्रम की जानकारी देते हुए चेम्बर के प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी ने कहा कि योग भारत की प्राचीन और अमूल्य धरोहर है, जो शरीर को स्वस्थ, मन को शांत और बुद्धि को प्रखर बनाता है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ व्यापारी ही स्वस्थ व्यापार और समृद्ध समाज की आधारशिला होता है। इसी उद्देश्य से चेम्बर द्वारा व्यापारियों और नागरिकों को योग से जोड़ने के लिए यह विशेष आयोजन किया जा रहा है।
सुबह 7 बजे से 8:30 बजे तक चेम्बर हॉल, बॉम्बे मार्केट, शहीद स्मारक भवन के पास, जीई रोड रायपुर में विशेष योग एवं ध्यान शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में योग एवं फिटनेस विशेषज्ञ सुनील शुक्ला, योग प्रशिक्षिका प्रीति सलूजा और संगीता मंडल शर्मा प्रतिभागियों को योग, प्राणायाम और ध्यान की विभिन्न विधियों का अभ्यास कराएंगे तथा योग के स्वास्थ्य लाभों की जानकारी देंगे। इस कार्यक्रम में राकेश चतुर्वेदी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
चेम्बर के पदाधिकारियों के अनुसार यह शिविर व्यापारियों और नागरिकों को तनावमुक्त एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करेगा। प्रतिभागियों से अनुरोध किया गया है कि वे अपने साथ योगा मैट लेकर आएं तथा योगाभ्यास की सुविधा के लिए लोअर और टी-शर्ट पहनकर कार्यक्रम में शामिल हों।
शाम 5 बजे से रात 8 बजे तक मैग्नेटो मॉल में छत्तीसगढ़ योगासना स्पोर्ट्स एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में ‘योग लेजेंट्स’ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस समारोह का मुख्य आकर्षण प्रदेश के 51 योग गुरुओं का सम्मान होगा, जिन्होंने वर्षों से योग के प्रचार-प्रसार और समाज को स्वस्थ बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
कार्यक्रम के दौरान एरोबैटिक योग का विशेष प्रदर्शन भी किया जाएगा, जो दर्शकों के लिए आकर्षण का केंद्र रहेगा। इसके अलावा सेलिब्रिटी सिंगर धीरज अपनी संगीतमय प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को यादगार बनाएंगे। आगंतुकों के लिए आकर्षक लकी ड्रा का आयोजन भी रखा गया है।
चेम्बर पदाधिकारियों ने बताया कि दोनों कार्यक्रमों के माध्यम से योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने और अधिक से अधिक लोगों को योग अपनाने के लिए प्रेरित करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने प्रदेश के सभी व्यापारी बंधुओं, योग साधकों और नागरिकों से इन आयोजनों में सपरिवार शामिल होने की अपील की है।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर आयोजित होने वाले ये कार्यक्रम स्वास्थ्य, जागरूकता और सम्मान का अनूठा संगम साबित होंगे, जहां योग की परंपरा और उसके महत्व को नए आयामों के साथ प्रस्तुत किया जाएगा।