नौगई हत्याकांड पर आम आदमी पार्टी का हमला, कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल
कोरिया जिले के नौगई हत्याकांड को लेकर आम आदमी पार्टी ने राज्य सरकार पर निशाना साधा है। पार्टी के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष उत्तम जायसवाल ने घटना को कानून-व्यवस्था की बड़ी विफलता बताते हुए दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी, फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई और पीड़ितों को उचित सहायता देने की मांग की है।
UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l कोरिया जिले के सोनहत विकासखंड अंतर्गत नौगई गांव में हुई बहुचर्चित हत्या की घटना को लेकर आम आदमी पार्टी ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। पार्टी के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष उत्तम जायसवाल ने घटना को प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न बताते हुए दोषियों के खिलाफ त्वरित और कठोर कार्रवाई की मांग की है।
जारी बयान में उत्तम जायसवाल ने कहा कि नौगई में हुई घटना ने प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक कार्यप्रणाली को कटघरे में खड़ा कर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में अपराधियों और अवैध गतिविधियों से जुड़े तत्वों का मनोबल बढ़ा है, जिसके कारण ऐसी गंभीर घटनाएं सामने आ रही हैं।
आम आदमी पार्टी ने दावा किया कि यह मामला कथित तौर पर खनन गतिविधियों से जुड़े विवाद का परिणाम है। पार्टी नेताओं का कहना है कि यदि समय रहते प्रशासन द्वारा प्रभावी निगरानी और कार्रवाई की जाती, तो इस तरह की घटना को रोका जा सकता था। उन्होंने प्रशासन की खुफिया एवं निगरानी व्यवस्था की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए।
पार्टी ने राज्य सरकार से मांग की है कि घटना में शामिल सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए और मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराई जाए ताकि पीड़ित परिवारों को शीघ्र न्याय मिल सके। साथ ही दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने के लिए प्रभावी कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग भी की गई है।
उत्तम जायसवाल ने कहा कि गंभीर आपराधिक घटनाओं पर नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए सरकार को ठोस कदम उठाने होंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश के नागरिकों में सुरक्षा की भावना बनाए रखना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
आम आदमी पार्टी ने घटना में घायल व्यक्तियों के समुचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा प्रभावित परिवारों को पर्याप्त आर्थिक सहायता प्रदान करने की भी मांग की है। पार्टी का कहना है कि पीड़ितों को न्याय और सहायता दोनों उपलब्ध कराई जानी चाहिए।
पार्टी नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि दोषियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई नहीं की गई और कानून-व्यवस्था में सुधार के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए गए, तो आम आदमी पार्टी प्रदेशभर में आंदोलन का रास्ता अपनाने पर विचार कर सकती है।
गौरतलब है कि नौगई गांव की घटना को लेकर प्रदेश की राजनीति में लगातार प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं और विभिन्न राजनीतिक दल मामले की निष्पक्ष जांच एवं दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।