सिकोसा-खुटेरी मार्ग पर दर्दनाक हादसा, तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से युवक की मौत
गुण्डरदेही क्षेत्र के सिकोसा-खुटेरी मार्ग पर तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से 24 वर्षीय युवक साकेत विश्वकर्मा की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने वाहन जब्त कर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
UNITED NEWS OF ASIA. लीलाधर साहू, गुण्डरदेही l जिले के सिकोसा-खुटेरी मार्ग पर शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 24 वर्षीय युवक की मौत हो गई। तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने मोटरसाइकिल सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान साकेत विश्वकर्मा पिता चिंताराम, उम्र 24 वर्ष, निवासी दनिया के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक साकेत अपनी मोटरसाइकिल से सिकोसा से अर्जुंदा की ओर जा रहा था। इसी दौरान सामने से सिकोसा की दिशा में आ रही एक तेज रफ्तार पिकअप ने उसकी बाइक को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल के परखच्चे उड़ गए और युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। दुर्घटना की जानकारी 112 आपातकालीन सेवा और अर्जुंदा थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अर्जुंदा की मर्चुरी में रखवाया है।
परिजनों के अनुसार साकेत विश्वकर्मा परिवार का मुख्य सहारा था। वह मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। दो भाइयों और एक बहन में सबसे बड़ा होने के कारण घर की अधिकांश जिम्मेदारियां उसी के कंधों पर थीं। उसकी असमय मौत से परिवार गहरे सदमे में है और आर्थिक संकट की आशंका भी बढ़ गई है।
अर्जुंदा थाना पुलिस ने दुर्घटना में शामिल पिकअप वाहन को जब्त कर लिया है। पुलिस के अनुसार हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।
घटना के बाद ग्रामीणों में भी नाराजगी देखने को मिली। स्थानीय लोगों का कहना है कि सिकोसा-खुटेरी मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही के कारण आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग की है। साथ ही सड़क पर आवश्यक स्थानों पर स्पीड ब्रेकर और अन्य सुरक्षा उपाय किए जाने की मांग भी उठाई है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।
पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और फरार चालक की तलाश के लिए कार्रवाई जारी है।