छुही में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया शालेय प्रवेशोत्सव, विद्यार्थियों का हुआ आत्मीय स्वागत

धमतरी जिले के नगरी विकासखंड स्थित शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय छुही में शालेय प्रवेशोत्सव उत्साहपूर्वक मनाया गया। नवप्रवेशी विद्यार्थियों का स्वागत, निःशुल्क पाठ्यपुस्तक वितरण, मेधावी छात्रों का सम्मान, वृक्षारोपण और अतिरिक्त कक्ष के लोकार्पण सहित कई कार्यक्रम आयोजित किए गए।

Jul 2, 2026 - 18:49
 0  1
छुही में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया शालेय प्रवेशोत्सव, विद्यार्थियों का हुआ आत्मीय स्वागत

UNITED NEWS OF ASIA. रिजवान मेमन, धमतरी l नगरी विकासखंड के शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, छुही में शालेय प्रवेशोत्सव का आयोजन उत्साह और हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नवप्रवेशी विद्यार्थियों का आत्मीय स्वागत करना, शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करना रहा। विद्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, पालकों और ग्रामीणों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही।

कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुई। इसके बाद नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर, पुष्पमाला पहनाकर और मिठाई खिलाकर स्वागत किया गया। विद्यार्थियों को शासन की योजना के अंतर्गत निःशुल्क पाठ्यपुस्तकों का वितरण भी किया गया।

अतिथियों ने विद्यार्थियों को नियमित विद्यालय आने, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने तथा शासन की विभिन्न शैक्षणिक योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। साथ ही पालकों से भी अपने बच्चों को नियमित विद्यालय भेजने और शिक्षा के प्रति जागरूक रहने का आग्रह किया गया।

कार्यक्रम में बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। जिला पंचायत सदस्य अजय सूर्यवंशी ने विद्यालय को उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम के लिए शील्ड प्रदान की। कक्षा पांचवीं, आठवीं और दसवीं बोर्ड परीक्षा में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। ग्राम समिति की ओर से प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले छात्र मितेश को एक हजार पांच सौ रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले घनेन्द्र सिन्हा को एक हजार एक सौ रुपये तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले गुलशन कुमार को एक हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई।

विद्यालय की प्राचार्य अर्चना नेताम ने अपने संबोधन में विद्यालय की उपलब्धियों का श्रेय शिक्षकों और विद्यार्थियों की मेहनत को दिया। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयास और अनुशासित अध्ययन से विद्यालय लगातार बेहतर परिणाम हासिल कर रहा है।

इस अवसर पर "उल्लास" शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया तथा "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के अंतर्गत विद्यालय परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देकर समारोह को आकर्षक बनाया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय में नव निर्मित अतिरिक्त कक्ष का भी लोकार्पण किया गया। इस कक्ष का उपयोग भविष्य में स्मार्ट क्लास के रूप में किया जाएगा, जिससे विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा सुविधाओं का लाभ मिलेगा।

समारोह में पूर्व प्रधान पाठक जे.आर. सोनवानी, घनश्याम साहू, सरपंच महेश्वरी ध्रुव, शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष टिकेश्वर साहू, संकुल प्राचार्य वीरेंद्र श्रीवास सहित जनप्रतिनिधि, शिक्षक, पालक और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। अंत में टिकेश्वर साहू ने सभी अतिथियों और उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया तथा विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।