रफ्तार का कहर: कार की टक्कर से साइकिल सवार की मौत, पुलिया से पलटी सीमेंट लदी ट्रक
छत्तीसगढ़ में देर रात दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि सीमेंट से लदी ट्रक पुलिया के पास पलट गई। कोरबा के खेरभावना में अज्ञात कार की टक्कर से साइकिल सवार की मौके पर मौत हो गई। वहीं राजिम के भेंद्ररी में सीमेंट से भरी ट्रक अनियंत्रित होकर पुलिया के पास पलट गई। दोनों मामलों में पुलिस जांच कर रही है।
UNITED NEWS OF ASIA. छत्तीसगढ़ में देर रात दो अलग-अलग सड़क हादसों ने लोगों को सकते में डाल दिया। राजिम के फिंगेश्वर-महासमुंद मार्ग पर ग्राम भेंद्ररी स्थित पुलिया के पास सीमेंट से भरी एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गई। वहीं कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार अज्ञात कार ने साइकिल सवार को टक्कर मार दी। हादसे में साइकिल सवार की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों घटनाओं के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
राजिम के फिंगेश्वर-महासमुंद प्रमुख मार्ग पर ग्राम भेंद्ररी के पास सोमवार देर रात सीमेंट से लदी ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर पुलिया के पास पलट गई। बताया जा रहा है कि चालक के नियंत्रण खोने के कारण यह हादसा हुआ। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही फिंगेश्वर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस फरार चालक की तलाश कर रही है और हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है।
ग्रामीणों का कहना है कि फिंगेश्वर-महासमुंद मार्ग पर ग्राम भेंद्ररी के पास स्थित पुलिया में सुरक्षा रेलिंग नहीं होने से दुर्घटना का खतरा लगातार बना रहता है। ग्रामीणों के मुताबिक, इससे पहले भी इस स्थान पर कई वाहन पुलिया से नीचे गिर चुके हैं। ऐसे में स्थानीय लोगों ने पुलिया पर सुरक्षा इंतजाम किए जाने की जरूरत बताई है।
इधर, कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खेरभावना के पास सोमवार देर रात एक अन्य सड़क हादसा हुआ। यहां विपरीत दिशा से आ रही अज्ञात कार ने साइकिल सवार को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
मृतक की पहचान ग्राम कनबेरी निवासी सुरेंद्र सिंह कंवर (47) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, सुरेंद्र सिंह कंवर काम के सिलसिले में साइकिल से कोरबा गए थे। देर रात वह साइकिल से अपने गृह ग्राम कनबेरी लौट रहे थे। इसी दौरान खेरभावना के पास अज्ञात कार ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने सड़क पर करीब दो घंटे तक चक्काजाम किया और क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग की। लोगों का कहना है कि पर्याप्त रोशनी नहीं होने से रात के समय दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालते हुए मामले की जांच शुरू की। मृतक के परिवार को तत्काल 25 हजार रुपये की सहायता राशि दी गई है। पुलिस फरार कार और उसके चालक की तलाश कर रही है। दोनों सड़क हादसों ने एक बार फिर मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था और रात के समय पर्याप्त रोशनी की जरूरत को सामने ला दिया है।