कवर्धा मेडिकल कॉलेज की मान्यता के लिए सांसद संतोष पांडेय ने जेपी नड्डा को लिखा पत्र
सांसद संतोष पांडेय ने कवर्धा मेडिकल कॉलेज की मान्यता में आ रही बाधाओं को दूर करने के लिए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा को पत्र लिखा है। उन्होंने नेशनल मेडिकल कमीशन से मामले पर पुनर्विचार कराने और मेडिकल कॉलेज को मान्यता प्रदान करने का आग्रह किया है।
UNITED NEWS OF ASIA. सौरभ नामदेव, कवर्धा l कबीरधाम जिले में प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज की मान्यता से जुड़ी बाधाओं को दूर करने के लिए सांसद संतोष पांडेय ने केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा को पत्र लिखकर हस्तक्षेप की मांग की है। सांसद ने पत्र के माध्यम से नेशनल मेडिकल कमीशन द्वारा मान्यता प्रदान नहीं किए जाने के निर्णय पर पुनर्विचार कराने का आग्रह किया है, ताकि जिले में मेडिकल शिक्षा का सपना जल्द साकार हो सके।
सांसद संतोष पांडेय ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि केंद्र सरकार द्वारा पूर्व में कबीरधाम जिले में मेडिकल कॉलेज की स्थापना के लिए स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है। राज्य सरकार ने मेडिकल कॉलेज भवन निर्माण के लिए आवश्यक राशि भी स्वीकृत कर दी है तथा नए भवन का निर्माण कार्य तेजी से जारी है। योजना के अनुसार वर्तमान शैक्षणिक सत्र से वैकल्पिक भवन में मेडिकल कॉलेज का संचालन शुरू किया जाना था, लेकिन अधोसंरचना संबंधी कुछ आवश्यकताओं और भवन से जुड़े कारणों का हवाला देते हुए नेशनल मेडिकल कमीशन द्वारा मान्यता प्रदान नहीं की गई।
सांसद ने पत्र में यह भी बताया कि वर्तमान में मेडिकल कॉलेज के संचालन के लिए जिला अस्पताल के समीप स्थित आयुष भवन को चिन्हित किया गया है। आयुष भवन की क्षमता कम पड़ने की स्थिति में पास स्थित उद्योग भवन का भी उपयोग किया जा सकता है। विद्यार्थियों के आवास की व्यवस्था के लिए पुराने तहसील कार्यालय भवन को भी चिन्हित किया गया है। इसके अलावा कवर्धा जिला अस्पताल सर्वसुविधायुक्त भवन में संचालित हो रहा है, जहां मरीजों और उनके परिजनों के लिए पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध हैं। आवश्यकता पड़ने पर इन संसाधनों का उपयोग मेडिकल कॉलेज संचालन में भी किया जा सकता है।
पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि आगामी वर्षों में मेडिकल कॉलेज भवन से संबंधित सभी आवश्यक अधोसंरचनात्मक मानकों और अर्हताओं को पूरा कर लिया जाएगा। ऐसे में विद्यार्थियों के हितों को ध्यान में रखते हुए मेडिकल कॉलेज को प्रारंभिक मान्यता प्रदान किए जाने पर सकारात्मक विचार किया जाना चाहिए।
सांसद संतोष पांडेय ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री से आग्रह किया है कि नेशनल मेडिकल कमीशन को इस मामले में पुनर्विचार करने और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने के लिए कहा जाए, ताकि कबीरधाम जिले के विद्यार्थियों को मेडिकल शिक्षा के लिए बाहर न जाना पड़े और क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को भी मजबूती मिल सके।
गौरतलब है कि कबीरधाम जिले में मेडिकल कॉलेज की स्थापना को लेकर सांसद संतोष पांडेय लंबे समय से प्रयासरत रहे हैं। उन्होंने वर्ष 2021 में लोकसभा में इस मुद्दे को उठाया था और तत्कालीन केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन को पत्र लिखकर जिले में मेडिकल कॉलेज खोलने की मांग की थी। इसके बाद वर्ष 2023 में तत्कालीन केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया से मुलाकात कर भी इस विषय को प्रमुखता से रखा गया था। लगातार प्रयासों के बाद केंद्र सरकार ने मेडिकल कॉलेज की स्वीकृति प्रदान की थी।
मेडिकल कॉलेज भवन निर्माण के लिए राज्य सरकार से स्वीकृति दिलाने के उद्देश्य से भी सांसद ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात की थी। इसके बाद राज्य सरकार ने भवन निर्माण के लिए प्रशासकीय स्वीकृति जारी की। अब मेडिकल कॉलेज की मान्यता सुनिश्चित कराने के लिए सांसद ने एक बार फिर पहल करते हुए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री को पत्र भेजा है।