संत सेवालाल महाराज की 287वीं जयंती दोरनापाल में धूमधाम से मनाई गई, युवाओं ने निकाली भव्य बाइक रैली
सुकमा जिले के दोरनापाल नगर पंचायत में बंजारा समाज द्वारा संत सेवालाल महाराज की 287वीं जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। युवाओं ने नगर में बाइक रैली निकाली, धार्मिक अनुष्ठान किए गए तथा समाज के बुजुर्गों ने संत सेवालाल के जीवन और विचारों से युवाओं को अवगत कराया।
UNITED NEWS OF ASIA . रामकुमार भारद्वाज सुकमा । जिले के दोरनापाल नगर पंचायत में बंजारा समाज द्वारा अपने आराध्य गुरु संत सेवालाल महाराज की 287वीं जयंती बड़े ही उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाई गई। इस अवसर पर नगर के विभिन्न क्षेत्रों से बंजारा समाज के लोग एकत्र हुए और पूरे पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ कार्यक्रम संपन्न किया गया।
बंजारा समाज द्वारा यह जयंती प्रत्येक वर्ष श्रद्धा भाव से मनाई जाती है। इस वर्ष भी 15 फरवरी 2026 को समाज के लोगों ने जयंती को भव्य स्वरूप देते हुए नगर पंचायत क्षेत्र में विविध आयोजन किए। कार्यक्रम की शुरुआत समाज के युवाओं द्वारा हाथों में झंडियां लेकर संत सेवालाल महाराज के जयघोष के साथ बाइक रैली निकालकर की गई।
बाइक रैली नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई कार्यक्रम स्थल तक पहुंची, जहां समाज की महिलाओं द्वारा रैली का स्वागत किया गया। इसके पश्चात कार्यक्रम स्थल पर संत सेवालाल महाराज के छायाचित्र पर विधिवत पूजा-अर्चना की गई। समाज के पुरुष वर्ग द्वारा लापसी कढ़ाव (प्रसाद) का भोग लगाया गया तथा उपस्थित सभी लोगों को प्रसाद वितरित किया गया। महिलाओं ने पारंपरिक सामाजिक गीतों की प्रस्तुति देकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
बुजुर्गों ने युवाओं को बताया जयंती का महत्व
कार्यक्रम के दौरान समाज के वरिष्ठजनों ने उपस्थित युवाओं और समाजजनों को संत सेवालाल महाराज के जीवन, संघर्ष और समाज सुधार के कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संत सेवालाल महाराज का जन्म 15 फरवरी 1739 को कर्नाटक के शिवमोग्गा जिले के सुरगोडनकोप्पा में हुआ था और उन्हें बंजारा समाज का महान समाज सुधारक एवं आध्यात्मिक गुरु माना जाता है। उनके आदर्श आज भी समाज को एकजुट रखने और सही दिशा देने का कार्य कर रहे हैं।
बुजुर्गों ने युवाओं से संत सेवालाल महाराज के विचारों को अपनाकर समाज में शिक्षा, एकता और सामाजिक समरसता को आगे बढ़ाने की अपील की।
बड़ी संख्या में समाजजन रहे उपस्थित
जयंती कार्यक्रम में ऑल इंडिया बंजारा सेवा संघ के उपाध्यक्ष सोहन लाल नायक, प्रदेश प्रवक्ता बलीराम नायक, महिला प्रकोष्ठ की संरक्षक सरला नायक, प्रदेश सलाहकार सावित्री नायक, युवा प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष रिंकू नायक, नगर पंचायत अध्यक्ष राधा नायक सहित अनेक पदाधिकारी और समाजजन मौजूद रहे।
इसके साथ ही ग्राम पटेल हटिया नायक, राजेश नायक, निर्मला नायक, लालसिंह नायक, बच्चन नायक, सीताराम नायक, भिकूराम नायक, गणेश नायक, लक्ष्मण नायक, संजय नायक, कृष्णा नायक, गोपाल नायक, थाउ नायक सहित बड़ी संख्या में बंजारा समाज के लोग कार्यक्रम में शामिल हुए।
पूरे आयोजन के दौरान नगर पंचायत दोरनापाल में उत्सव और श्रद्धा का माहौल बना रहा तथा युवाओं की सक्रिय भागीदारी ने कार्यक्रम को विशेष रूप से यादगार बना दिया।