एमएम फनसिटी में संपन्न हुई चेम्बर कार्यकारिणी बैठक, नए चेम्बर भवन और व्यापारिक हितों पर लिए गए अहम निर्णय
छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की कार्यकारिणी बैठक रायपुर के एमएम फनसिटी में आयोजित हुई। बैठक में नए सदस्यता आवेदन, सदस्यता शुल्क, नए चेम्बर भवन, ट्रेड लाइसेंस, फायर सेफ्टी एनओसी शुल्क और व्यापारिक हितों से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा कर निर्णय लिए गए।
UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह l छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की कार्यकारिणी बैठक 12 मई 2026 को रायपुर स्थित एमएम फनसिटी, बकतरा में आयोजित की गई। बैठक में व्यापारिक हितों, संगठन विस्तार और नए चेम्बर भवन सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई तथा विभिन्न प्रस्तावों को सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई। बैठक में प्रदेशभर से बड़ी संख्या में पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्य और व्यापारी प्रतिनिधि शामिल हुए।
बैठक की शुरुआत निर्धारित समय पर हुई, लेकिन कोरम पूरा नहीं होने के कारण इसे आधे घंटे के लिए स्थगित किया गया। इसके बाद पुनः बैठक प्रारंभ हुई और विषय सूची के अनुसार कार्यवाही आगे बढ़ाई गई। बैठक में लगभग 1100 नए सदस्यता आवेदन पत्रों की सूक्ष्म जांच के बाद स्वीकृति प्रदान की गई। इसके अलावा विभिन्न फर्मों के नाम, स्थान और प्रतिनिधियों के नाम परिवर्तन से जुड़े आवेदनों पर भी विचार कर मंजूरी दी गई।
प्रदेश महामंत्री अजय भसीन ने पिछली कार्यकारिणी बैठक की कार्यवाही का पठन किया, जिसे उपस्थित सदस्यों ने सर्वसम्मति से अनुमोदित किया। वहीं प्रदेश कोषाध्यक्ष निकेश बरड़िया ने 2000 रुपए से अधिक के खर्चों और आय-व्यय का ब्यौरा प्रस्तुत किया, जिसे भी सदस्यों ने मंजूरी दी।
बैठक में निर्णय लिया गया कि चेम्बर के आजीवन सदस्यों के लिए सदस्यता शुल्क 15 अगस्त 2026 तक 3500 रुपए रहेगा। इसके बाद सदस्यता शुल्क में परिवर्तन किया जाएगा। साथ ही सभी सदस्यों से अगले तीन वर्षों के लिए 500 रुपए मेंटनेंस शुल्क के रूप में लिए जाने का प्रस्ताव भी पारित किया गया।
प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी ने अपने संबोधन में कहा कि व्यापारी एकता ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक मजबूती से पहुंचाने और समाधान कराने में चेम्बर लगातार सक्रिय भूमिका निभा रहा है। उन्होंने बताया कि नया रायपुर में चेम्बर के नए भवन के लिए जमीन का प्रावधान हो चुका है और जल्द ही आमसभा आयोजित कर भवन का शिलान्यास किया जाएगा।
बैठक में व्यापारियों के हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी चर्चा हुई। कार्यकारी अध्यक्ष जसप्रीत सिंह सलूजा ने ट्रेड लाइसेंस लागू करने की संभावित योजना पर चिंता जताई और कहा कि चेम्बर को इसका विरोध करना चाहिए। साथ ही फायर सेफ्टी एनओसी के लिए प्रति वर्गफुट 10 रुपए शुल्क लगाए जाने पर भी आपत्ति दर्ज कराई गई।
कार्यकारी अध्यक्ष कमल सोनी ने देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए एक वर्ष तक सोने की खरीद कम करने की अपील की। उन्होंने कहा कि अत्यधिक सोना आयात होने से बड़ी मात्रा में धन देश से बाहर जा रहा है। वहीं वाइस चेयरमेन चेतन तारवानी ने नए आयकर नियमों की जानकारी देते हुए व्यापारियों को जागरूक रहने की सलाह दी।
बैठक में चेम्बर की वेबसाइट को और अधिक सक्रिय और डिजिटल माध्यमों से सूचना प्रसारण को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया गया। पदाधिकारियों से इकाइयों की गतिविधियों की जानकारी व्हाट्सएप के माध्यम से साझा करने का आग्रह किया गया।
कार्यक्रम में प्रदेशभर के विभिन्न जिलों और इकाइयों से आए 350 से अधिक कार्यकारिणी सदस्य, व्यापारी संघों के प्रतिनिधि और पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक का संचालन और आभार प्रदर्शन प्रदेश महामंत्री अजय भसीन ने किया।