महासमुंद में 9 करोड़ से अधिक के सोने के आभूषण जब्त, सिंघोड़ा पुलिस की बड़ी कार्रवाई
महासमुंद जिले के सिंघोड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान वोक्सवैगन कार से 7.5 किलो से अधिक सोने के आभूषण जब्त किए हैं। जब्त सोने की कीमत करीब 9 करोड़ 17 लाख रुपये बताई जा रही है। वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर पुलिस ने सोना और वाहन जब्त कर आयकर विभाग को सूचना भेजी है।
UNITED NEWS OF ASIA. जगदीश पटेल, सरायपाली l महासमुंद जिले में सिंघोड़ा पुलिस ने वाहन चेकिंग अभियान के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 9 करोड़ रुपये से अधिक कीमत के सोने के आभूषण जब्त किए हैं। पुलिस ने एक वोक्सवैगन वरटस कार से 7.5 किलो से अधिक सोने के गहने बरामद किए हैं। मामले में तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई है।
जानकारी के अनुसार जिले में अवैध गतिविधियों और सीमावर्ती क्षेत्रों से हो रहे संदिग्ध परिवहन पर रोक लगाने के लिए पुलिस द्वारा लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सिंघोड़ा थाना पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग 353 स्थित रेहटीखोल नाका पर वाहन जांच अभियान चलाया हुआ था।
चेकिंग के दौरान ओडिशा की ओर से आ रही वोक्सवैगन कार क्रमांक GJ 03 NP 4230 को रोककर तलाशी ली गई। कार में तीन युवक सवार थे, जिन्होंने अपना नाम जयेश अकबरी, सुनीत कारेना और रूशी अग्रावत बताया। तीनों गुजरात के राजकोट जिले के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस द्वारा पूछताछ करने पर कार की पिछली सीट में बने चेंबर और पीठू बैग में सोने के आभूषण रखे होने की जानकारी मिली। तलाशी लेने पर पुलिस को दो पीठू बैग और छह प्लास्टिक बॉक्स में विभिन्न प्रकार के सोने के आभूषण मिले। बरामद आभूषणों का कुल वजन 7512.488 ग्राम पाया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 9 करोड़ 17 लाख 84 हजार 220 रुपये बताई गई है।
इसके अलावा परिवहन में प्रयुक्त वोक्सवैगन कार की कीमत लगभग 10 लाख रुपये आंकी गई है। इस प्रकार पुलिस ने कुल 9 करोड़ 27 लाख 84 हजार 220 रुपये की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस ने कार सवार व्यक्तियों से सोने के आभूषणों के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए धारा 94 बीएनएसएस के तहत नोटिस जारी किया। हालांकि मौके पर कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर पुलिस ने धारा 106 बीएनएसएस के तहत सोना और वाहन जब्त कर लिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अग्रिम कार्रवाई के लिए आयकर विभाग और राजस्व सूचना निदेशालय छत्तीसगढ़ को भी सूचित कर दिया है। अधिकारियों द्वारा अब यह जांच की जा रही है कि इतनी बड़ी मात्रा में सोना कहां से लाया जा रहा था और इसका उपयोग किस उद्देश्य के लिए किया जाना था।
सिंघोड़ा पुलिस की इस कार्रवाई को जिले की बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीमावर्ती क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों और अवैध परिवहन पर आगे भी लगातार निगरानी रखी जाएगी।