महतारी वंदन योजना की लंबित राशि को लेकर महिलाओं का आक्रोश, मुख्यमंत्री व निगम आयुक्त को सौंपा गया ज्ञापन
राजनांदगांव में महतारी वंदन योजना की तीन माह से लंबित राशि को लेकर विधवा एवं वृद्ध महिलाओं में भारी नाराजगी देखने को मिली। महिलाओं ने छत्तीसगढ़ शासन के मुख्यमंत्री एवं नगर निगम आयुक्त के नाम ज्ञापन सौंपते हुए शीघ्र भुगतान की मांग की और समय पर समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
UNITED NEWS OF ASIA .नेमिष अग्रवाल, राजनांदगांव | महतारी वंदन योजना के अंतर्गत विधवा एवं वृद्ध महिलाओं को विगत तीन माह से अंतर की लंबित राशि का भुगतान नहीं होने से महिलाओं में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। इसी विषय को लेकर बड़ी संख्या में पीड़ित महिलाएं स्थानीय जनप्रतिनिधि के निवास पर पहुंचीं और अपनी समस्याएं सामने रखीं।
महिलाओं ने बताया कि वे शासन की इस जनकल्याणकारी योजना पर पूरी तरह निर्भर हैं, लेकिन लगातार तीन माह से राशि नहीं मिलने के कारण उन्हें गंभीर आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। कई महिलाओं के सामने रोजमर्रा की आवश्यकताएं पूरी करना भी कठिन हो गया है, जिससे मानसिक तनाव भी बढ़ रहा है।
इस संबंध में महिलाओं द्वारा मुख्यमंत्री, छत्तीसगढ़ शासन, रायपुर तथा नगर पालिक निगम राजनांदगांव के आयुक्त एवं महिला एवं बाल विकास विभाग, राजनांदगांव के नाम ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि समय पर राशि का भुगतान न होना योजना की मूल भावना के विपरीत है और समाज के सबसे कमजोर वर्ग के साथ अन्याय है। महिलाओं ने मांग की कि संबंधित अधिकारियों को तत्काल निर्देश जारी कर लंबित राशि का शीघ्र भुगतान कराया जाए।
महिलाओं ने यह भी स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि आगामी 7 दिवस के भीतर भुगतान नहीं किया गया, तो वे उग्र जनआंदोलन करने को बाध्य होंगी, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी शासन एवं प्रशासन की होगी।
इस दौरान नगर निगम अधिकारी यूके रामटेक ने मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि समस्या से उच्च अधिकारियों को अवगत कराया गया है और आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।
वहीं पूर्व कांग्रेस पार्षद ऋषि शास्त्री ने महिलाओं की मांग को जायज बताते हुए शीघ्र भुगतान की आवश्यकता पर जोर दिया।