छुईखदान पुलिस की कार्रवाई: गांजा बेचने वाला आरोपी गिरफ्तार, 1.77 किलो मादक पदार्थ जब्त

छुईखदान में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने एक युवक को अवैध गांजा बिक्री करते हुए गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 1.771 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 20 हजार रुपये बताई गई है।

Feb 16, 2026 - 19:44
Feb 16, 2026 - 19:50
 0  6
छुईखदान पुलिस की कार्रवाई: गांजा बेचने वाला आरोपी गिरफ्तार, 1.77 किलो मादक पदार्थ जब्त

UNITED NEWS OF ASIA .मनोहर सेन ,खैरागढ़ | छुईखदान जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत छुईखदान पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अवैध रूप से गांजा रखने और उसकी बिक्री करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 1.771 किलोग्राम मादक पदार्थ गांजा जब्त किया है। जब्त किए गए गांजे की अनुमानित कीमत लगभग 20 हजार रुपये बताई जा रही है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 15 फरवरी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि वार्ड क्रमांक 10, कनक नगर निवासी एक युवक अपने घर में गांजा रखकर उसकी बिक्री कर रहा है। सूचना की तस्दीक के बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश में पुलिस टीम गठित की गई और मौके पर पहुंचकर घेराबंदी करते हुए आरोपी के घर दबिश दी गई।

तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से गुलाबी-सफेद रंग की पॉलीथीन में रखा 1.771 किलोग्राम मादक पदार्थ गांजा बरामद किया गया। इसके बाद आरोपी राजेश वैष्णव (उम्र 29 वर्ष), पिता लक्ष्मण दास वैष्णव को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस द्वारा आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विधिवत कार्रवाई की गई। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।

छुईखदान पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशे के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और ऐसे अवैध गतिविधियों में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी |