कबीरधाम पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित पटेल के मार्गदर्शन में यह पहल की जा रही है। पुलिस अनुविभागीय अधिकारी पंडरिया भूपत सिंह के दिशा-निर्देश पर संबंधित थाना पुलिस टीमों ने गांवों में पहुंचकर ग्रामीणों से बातचीत की।
ग्राम खमरिया में पुलिस जन चौपाल के दौरान ग्रामीणों से क्षेत्र की समस्याओं और सुझावों के संबंध में चर्चा की गई। पुलिस टीम ने ग्रामीणों की बातों को ध्यानपूर्वक सुना और गांव में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए आपसी सहयोग और समन्वय के साथ रहने की अपील की। ग्रामीणों को किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अपराध की जानकारी तत्काल पुलिस को देने के लिए भी समझाइश दी गई।
पुलिस ने ग्रामीणों से अपील की कि क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थ, शराब, गांजा अथवा किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। इसके अलावा किसी भी आपातकालीन स्थिति में डायल 112 पर कॉल करने अथवा नजदीकी थाना या पुलिस चौकी को सूचना देने की जानकारी भी दी गई।
वहीं थाना पंडरिया क्षेत्र के ग्राम बाघामुड़ा में आयोजित जन चौपाल में ग्रामीणों से उनकी दैनिक समस्याओं और गांव की आवश्यकताओं के बारे में जानकारी ली गई। ग्रामीणों ने वृद्धावस्था पेंशन, गांव में आवारा मवेशियों की समस्या और पेयजल से संबंधित समस्याओं की जानकारी पुलिस टीम को दी। पुलिस टीम ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि इन विषयों को संबंधित विभाग और अधिकारियों के संज्ञान में लाकर आवश्यक कार्रवाई के लिए पहल की जाएगी।
जन चौपाल के दौरान बाघामुड़ा के ग्रामीणों ने गांव में शराब और जुआ से संबंधित कोई विशेष समस्या नहीं होने की जानकारी दी। पुलिस टीम ने ग्रामीणों को साइबर अपराधों से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियों की जानकारी भी दी। अनजान कॉल, संदिग्ध लिंक, ऑनलाइन ठगी और अन्य संदिग्ध गतिविधियों के प्रति सतर्क रहने तथा किसी भी घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई।
कबीरधाम पुलिस द्वारा जन चौपाल के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर आमजन से सीधे संवाद स्थापित किया जा रहा है। इसके माध्यम से पुलिस स्थानीय समस्याओं, आवश्यकताओं और सुरक्षा से जुड़े विषयों की जानकारी प्राप्त कर रही है। साथ ही ग्रामीणों को कानून-व्यवस्था, साइबर अपराध और असामाजिक गतिविधियों से बचाव को लेकर जागरूक किया जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि आमजन और पुलिस के बीच बेहतर संवाद एवं सहयोग से ग्रामीण क्षेत्रों में शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण बनाए रखने में मदद मिलेगी। जन चौपाल के माध्यम से ग्रामीणों की समस्याओं और सुझावों को जानने की यह पहल आगे भी जारी रखने की बात कही गई है।