कृषि मंत्री राम विचार नेताम ने दी हरेली तिहार की बधाई, किसानों की खुशहाली की कामना

कृषि विकास एवं किसान कल्याण मंत्री राम विचार नेताम ने छत्तीसगढ़ के पारंपरिक पर्व हरेली तिहार के अवसर पर प्रदेशवासियों और किसानों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि हरेली छत्तीसगढ़ की कृषि प्रधान संस्कृति और जनजीवन से गहराई से जुड़ा पर्व है। इस दिन किसान हल एवं कृषि औजारों की पूजा कर अपनी कृषि परंपरा के प्रति सम्मान व्यक्त करते हैं। मंत्री ने हरेली पर्व के माध्यम से हरियाली और पर्यावरण संरक्षण के महत्व को भी रेखांकित करते हुए प्रदेशवासियों की खुशहाली की कामना की।

Aug 12, 2026 - 11:43
 0  2
कृषि मंत्री राम विचार नेताम ने दी हरेली तिहार की बधाई, किसानों की खुशहाली की कामना

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l कृषि विकास एवं किसान कल्याण तथा जैव प्रौद्योगिकी मंत्री राम विचार नेताम ने 12 अगस्त को मनाए जाने वाले छत्तीसगढ़ के पारंपरिक पर्व हरेली तिहार के अवसर पर प्रदेशवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने इस अवसर पर प्रदेश के किसानों और नागरिकों की सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

राम विचार नेताम ने कहा कि छत्तीसगढ़ एक कृषि प्रधान राज्य है और यहां की सामाजिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं में खेती-किसानी का विशेष महत्व है। हरियाली अमावस्या के अवसर पर मनाया जाने वाला हरेली तिहार प्रदेश के जनजीवन से गहराई से जुड़ा हुआ पर्व है। यह पर्व छत्तीसगढ़ की समृद्ध कृषि संस्कृति, परंपरा और प्रकृति के प्रति सम्मान की भावना को प्रदर्शित करता है।

उन्होंने कहा कि हरेली के दिन किसान अपने नांगर यानी हल और अन्य कृषि औजारों की पूजा करते हैं। कृषि उपकरणों की पूजा की यह परंपरा किसानों के जीवन में खेती के महत्व को दर्शाती है। हरेली पर्व के माध्यम से किसान अपनी कृषि परंपराओं और प्रकृति के प्रति आभार व्यक्त करते हैं तथा अच्छी फसल और समृद्धि की कामना करते हैं।

कृषि मंत्री ने कहा कि हरेली केवल कृषि से जुड़ा पर्व ही नहीं है, बल्कि यह हरियाली और पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी देता है। वर्षा ऋतु में चारों ओर हरियाली फैलने के साथ मनाया जाने वाला यह त्योहार पेड़-पौधों और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण की महत्ता को रेखांकित करता है। प्रकृति और खेती के बीच गहरे संबंध को समझने के लिए हरेली पर्व महत्वपूर्ण संदेश देता है।

उन्होंने प्रदेशवासियों से पारंपरिक पर्वों की सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने के साथ पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने का आह्वान किया। राम विचार नेताम ने कहा कि छत्तीसगढ़ की लोक परंपराएं प्रदेश की पहचान और सामाजिक एकता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

राम विचार नेताम ने हरेली तिहार के अवसर पर प्रदेश के सभी किसानों, ग्रामीणों और नागरिकों को शुभकामनाएं देते हुए प्रदेश में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। उन्होंने उम्मीद जताई कि हरेली का यह पर्व किसानों के जीवन में नई ऊर्जा और उत्साह लेकर आएगा तथा प्रदेश में हरियाली, समृद्धि और विकास का संदेश मजबूत करेगा।