अमरवाड़ा महाविद्यालय में हर घर तिरंगा अभियान, क्विज प्रतियोगिता के बाद निकली भव्य तिरंगा रैली
अमरवाड़ा के शासकीय स्नातक महाविद्यालय में हर घर तिरंगा अभियान 2026 के तहत राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति से जुड़ा आयोजन किया गया। विद्यार्थियों के लिए तिरंगे के इतिहास पर क्विज प्रतियोगिता आयोजित हुई, जिसमें करीना उइके ने प्रथम, संध्या वर्मा ने द्वितीय और साधना नवरेती ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसके बाद स्टेडियम ग्राउंड से जय स्तम्भ तक विशाल तिरंगा रैली निकाली गई, जिसमें विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
UNITED NEWS OF ASIA. यज्ञ राज पटेल, छिंदवाड़ा l शासकीय स्नातक महाविद्यालय अमरवाड़ा में हर घर तिरंगा अभियान 2026 के अंतर्गत राष्ट्रप्रेम, सांस्कृतिक चेतना और युवाओं में देशभक्ति की भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम संस्था के प्राचार्य डॉ. रामनाथ झारिया के निर्देशन तथा कैप्टन डॉ. अरविन्द धुर्वे और डॉ. विजय गुर्वे के संयोजन में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के प्रथम चरण में विद्यार्थियों के बौद्धिक विकास और राष्ट्रीय ज्ञानवर्धन के लिए तिरंगे के इतिहास पर आधारित प्रश्नमंच प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में महाविद्यालय के विभिन्न संकायों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजन प्रभारी अभिषेक कादरे और आशीष पहाड़े ने प्रश्नमंच का संचालन किया।
प्रतियोगिता में करीना उइके ने प्रथम, संध्या वर्मा ने द्वितीय और साधना नवरेती ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को महाविद्यालय प्रशासन एवं अतिथियों द्वारा सम्मानित कर बधाई दी गई।
इसके बाद आयोजित बौद्धिक सत्र में मुख्य वक्ता ज्योति सूर्यवंशी ने विद्यार्थियों और संकाय सदस्यों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश के त्याग, बलिदान, समर्पण और राष्ट्रीय स्वाभिमान का प्रतीक है। हर घर तिरंगा अभियान नागरिकों को राष्ट्रीय ध्वज और देश के प्रति भावनात्मक रूप से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
स्टेडियम ग्राउंड से जय स्तम्भ तक निकली तिरंगा रैली
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण विशाल तिरंगा रैली रही। रैली स्टेडियम ग्राउंड से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों, चौराहों और बाजारों से गुजरते हुए ऐतिहासिक जय स्तम्भ पहुंची।
रैली में हाथों में तिरंगा लेकर शामिल विद्यार्थियों ने भारत माता की जय और वंदे मातरम के जयघोष के साथ पूरे नगर को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया। शिक्षकों, कर्मचारियों और सैकड़ों विद्यार्थियों ने अनुशासित ढंग से रैली में सहभागिता की।
इस अवसर पर शिवांशी मालवीय, एकता रावत, वैष्णवी परस्ते, डॉ. अलकेश धाकड़े, राजकुमार बंसोड़ और डॉ. सुमा पटेल सहित महाविद्यालय परिवार के प्राध्यापक, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में संयोजकों एवं आयोजन प्रभारियों ने अतिथियों, शिक्षकों, कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं का आभार व्यक्त किया।