रायपुर में गूंजेगा ईस्टर्न स्लैम 2026, एशिया के स्क्वैश सितारे होंगे आमने-सामने
रायपुर के बुढ़ापारा स्थित स्क्वैश कॉम्प्लेक्स में 22 से 27 जून तक आयोजित होने वाले ईस्टर्न स्लैम 2026 में भारत और सिंगापुर के शीर्ष खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। अंतरराष्ट्रीय स्तर के इस टूर्नामेंट के संचालन के लिए देश के अनुभवी तकनीकी अधिकारियों और रेफरी की टीम तैयार की गई है।
UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजन का केंद्र बनने जा रही है। छत्तीसगढ़ स्क्वैश एसोसिएशन द्वारा स्क्वैश रैकेट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SRFI) और एशियन स्क्वैश फेडरेशन (ASF) की मान्यता के तहत प्रतिष्ठित ईस्टर्न स्लैम 2026 का आयोजन 22 से 27 जून तक बुढ़ापारा स्थित स्क्वैश कॉम्प्लेक्स में किया जाएगा। इस प्रतियोगिता में भारत और सिंगापुर के शीर्ष जूनियर एवं सीनियर खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
टूर्नामेंट को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप संचालित करने के लिए देश के अनुभवी तकनीकी अधिकारियों और रेफरी की विशेष टीम गठित की गई है। आयोजन की कमान छत्तीसगढ़ स्क्वैश एसोसिएशन के संस्थापक एवं चैंपियनशिप चेयरमैन डॉ. विष्णु कुमार श्रीवास्तव के हाथों में है। खेल प्रशासन और तकनीकी संचालन के क्षेत्र में उनके लंबे अनुभव का लाभ इस प्रतियोगिता को मिलेगा।
चैंपियनशिप के वाइस चेयरमैन के रूप में डॉ. मनोज कुमार अग्रवाल जिम्मेदारी निभा रहे हैं। वहीं टूर्नामेंट डायरेक्टर की भूमिका देश के प्रतिष्ठित स्क्वैश विशेषज्ञ गौतम दास निभाएंगे, जिन्होंने कई अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारतीय टीम का मार्गदर्शन किया है। प्रतियोगिता के समन्वय की जिम्मेदारी राष्ट्रीय तकनीकी अधिकारी राहुल साहू को सौंपी गई है।
प्रतियोगिता में मैचों के निष्पक्ष संचालन के लिए अनुभवी रेफरी पैनल तैयार किया गया है। इसमें डॉ. मोहम्मद साबिर, दीक्षांत कश्यप देव शर्मा, नसीमुद्दीन, हसन रजा, पारुल और खुशबू जैसे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के अधिकारी शामिल हैं। ये सभी विभिन्न राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
मेजबान छत्तीसगढ़ की ओर से केशव कुमार जलक्षत्री, प्रशांत पांचे और श्रेयांश लाल तकनीकी अधिकारियों की भूमिका निभाएंगे। इन अधिकारियों ने नेशनल गेम्स, खेलो इंडिया और अन्य प्रमुख प्रतियोगिताओं में सफलतापूर्वक रेफरी की जिम्मेदारी निभाई है।
आयोजकों के अनुसार यह प्रतियोगिता केवल एक खेल आयोजन नहीं बल्कि छत्तीसगढ़ में स्क्वैश खेल के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी। इससे प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों और अधिकारियों से सीखने का अवसर मिलेगा। साथ ही राज्य की खेल अधोसंरचना और आयोजन क्षमता का प्रदर्शन भी राष्ट्रीय स्तर पर होगा।
ईस्टर्न स्लैम 2026 के माध्यम से रायपुर एक बार फिर देश के खेल मानचित्र पर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराने जा रहा है। प्रतियोगिता में रोमांचक मुकाबलों के साथ-साथ खेल प्रतिभाओं को निखारने का भी अवसर मिलेगा। आयोजकों को उम्मीद है कि यह आयोजन छत्तीसगढ़ में स्क्वैश के प्रचार-प्रसार और खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।