212 बटालियन सीआरपीएफ मुख्यालय में 77वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति के साथ मनाया गया

26 जनवरी को 212 बटालियन सीआरपीएफ मुख्यालय में 77वां गणतंत्र दिवस गरिमा और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। कमांडेंट दीपक कुमार श्रीवास्तव ने ध्वजारोहण किया, परेड का निरीक्षण किया और वीरता एवं सराहनीय सेवा पदक प्राप्त जवानों के नामों की घोषणा की।

Jan 27, 2026 - 18:21
 0  100
212 बटालियन सीआरपीएफ मुख्यालय में 77वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति के साथ मनाया गया

UNITED NEWS OF ASIA. 212 बटालियन सीआरपीएफ मुख्यालय। 212 बटालियन सीआरपीएफ मुख्यालय (212 Bn CRPF Hqr) में 77वां गणतंत्र दिवस अत्यंत हर्षोल्लास, गरिमा और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। इस राष्ट्रीय पर्व के अवसर पर पूरा परिसर तिरंगे के रंगों और राष्ट्रभक्ति के उत्साह से सराबोर नजर आया।

समारोह के मुख्य अतिथि, 212 बटालियन के कमांडेंट दीपक कुमार श्रीवास्तव ने ध्वजारोहण किया और राष्ट्रगान की धुन के बीच तिरंगे को सलामी दी। इसके पश्चात उन्होंने परेड का निरीक्षण किया।

अपने संबोधन में कमांडेंट महोदय ने गणतंत्र दिवस के ऐतिहासिक महत्व एवं भारतीय संविधान में निहित मूल्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने देश की स्वतंत्रता के लिए बलिदान देने वाले वीर स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करते हुए जवानों को राष्ट्र की एकता एवं अखंडता बनाए रखने के लिए सदैव तत्पर रहने का संदेश दिया। साथ ही उन्होंने आंतरिक सुरक्षा में सीआरपीएफ की अहम भूमिका को रेखांकित करते हुए सभी कार्मिकों से निष्ठा, अनुशासन और कर्तव्यपरायणता के साथ सेवा करने का आह्वान किया।

समारोह के दौरान एक विशेष सत्र में कमांडेंट दीपक कुमार श्रीवास्तव ने पुलिस वीरता पदक (Police Medal for Gallantry) एवं सराहनीय सेवा पदक (Meritorious Service Medal) से सम्मानित किए गए वीर जवानों और अधिकारियों के नामों की घोषणा की। उन्होंने पदक विजेताओं के अदम्य साहस, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनकी उपलब्धियां पूरी बटालियन के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।

इस अवसर पर डिप्टी कमांडेंट अजय प्रताप सिंह, डिप्टी कमांडेंट गौरव शर्मा, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी (SMO) डॉ. श्याम कुमार नेतावत, सहायक कमांडेंट रोहित कुमार शुक्ला सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी अधीनस्थ अधिकारियों (SOs) एवं जवानों के बीच मिठाई वितरित की गई और एक-दूसरे को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दी गईं।