सभी विभाग गंभीरता और जिम्मेदारी से करें कार्य – कलेक्टर गोपाल वर्मा, समय-सीमा बैठक में दिए सख्त निर्देश
कवर्धा में आयोजित समय-सीमा बैठक में कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा ने सभी विभागों को आम नागरिकों के आवेदनों का प्राथमिकता से निराकरण करने और जनमन योजना सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं में तेजी लाने के निर्देश दिए।
UNITED NEWS OF ASIA. कवर्धा। कलेक्टर गोपाल वर्मा ने जिले के सभी अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि आम नागरिक अपनी समस्याओं के समाधान के लिए जिला कार्यालय एवं अनुविभाग कार्यालयों में आवेदन प्रस्तुत करते हैं। इन आवेदनों का समयबद्ध और प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि समय-सीमा की प्रत्येक बैठक में विभागों को भेजे गए आवेदनों की समीक्षा की जाएगी और लापरवाही किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी।
कलेक्टर वर्मा जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा बैठक में अधिकारियों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि नागरिकों को अपने कार्यों के लिए अनावश्यक रूप से भटकना न पड़े। यदि अनुविभाग स्तर पर ही समस्याओं का समाधान हो सकता है, तो वहीं निराकरण किया जाए, ताकि आमजन को जिला मुख्यालय आने की आवश्यकता न पड़े। उन्होंने सभी अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, जिला अधिकारियों एवं संबंधित विभागों को नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनकर शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।
बैठक में अपर कलेक्टर विनय पोयाम, नरेन्द्र पैकरा, पडरिया एसडीएम संदीप ठाकुर, बोड़ला एसडीएम सागर सिंह राज, सहसपुर लोहारा एसडीएम शिल्पा देवांगन सहित समस्त जिला अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर गोपाल वर्मा ने जिले में संचालित विभिन्न शासकीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत ई-केवाईसी, लैंड सीडिंग एवं आधार सीडिंग की स्थिति की जानकारी ली और तीन दिनों के भीतर सैचुरेशन पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत संस्थागत प्रसव की समीक्षा करते हुए इसमें अपेक्षित प्रगति लाने के निर्देश दिए। साथ ही आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत आयुष्मान कार्ड निर्माण में तेजी लाने पर भी विशेष जोर दिया।
कलेक्टर ने विद्यार्थियों के अपार आईडी निर्माण की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की और शिक्षा, राजस्व एवं पंचायत विभाग को आपसी समन्वय के साथ लंबित प्रकरण शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि जिन विद्यार्थियों के जन्म प्रमाण पत्र लंबित हैं, उनकी सूची जनपद पंचायत सीईओ एवं संबंधित तहसीलदारों को भेजी जाए।
इसके साथ ही कलेक्टर वर्मा ने जनमन योजना के अंतर्गत स्वीकृत आवास, आंगनबाड़ी भवन, छात्रावास, सड़क निर्माण एवं विद्युत व्यवस्था से जुड़े कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सभी स्वीकृत कार्य समय-सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं और कोई भी कार्य अप्रारंभित न रहे। नियमित मॉनिटरिंग और विभागीय समन्वय के माध्यम से योजनाओं का लाभ समय पर आम जनता तक पहुंचाया जाए।