रायगढ़ में यातायात सुधार की दिशा में बड़ा फैसला, बस संचालकों संग RTO व ट्रैफिक DSP की बैठक, शहर प्रवेश को लेकर नए निर्देश जारी

रायगढ़ में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए RTO अधिकारी और ट्रैफिक DSP ने बस व प्लांट वाहन संचालकों के साथ बैठक कर शहर में बस प्रवेश, नए रूट और पिकअप पाइंट को लेकर सख्त निर्देश जारी किए हैं।

Jan 27, 2026 - 18:00
 0  200
रायगढ़ में यातायात सुधार की दिशा में बड़ा फैसला, बस संचालकों संग RTO व ट्रैफिक DSP की बैठक, शहर प्रवेश को लेकर नए निर्देश जारी

UNITED NEWS OF ASIA.महेंद्र अग्रवाल, रायगढ़। शहर की यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित एवं जाम मुक्त बनाने के उद्देश्य से जिला परिवहन अधिकारी  अमित कश्यप एवं उप पुलिस अधीक्षक यातायात  उत्तम प्रताप सिंह द्वारा थाना यातायात रायगढ़ में यात्री बस संचालकों एवं स्थानीय उद्योगों में संचालित वाहनों के संचालकों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर के भीतर लगातार बढ़ रहे ट्रैफिक दबाव को देखते हुए यात्री बसों और प्लांट वाहनों के लिए नए दिशा-निर्देश जारी किए गए।

बैठक में अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अब कोतरारोड़ से सत्तीगुड़ी होकर केवड़ाबाड़ी में यात्री बसों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। जो बसें सारंगढ़ बस स्टैंड एवं नंदेली की ओर से केवड़ाबाड़ी जाती हैं, उन्हें अब कोतरारोड़–सत्तीगुड़ी चौक मार्ग का उपयोग नहीं करना होगा। इसके स्थान पर इन बसों को ढिमरापुर चौक से केवड़ाबाड़ी की ओर प्रवेश करना अनिवार्य होगा। अधिकारियों के अनुसार, यह निर्णय शहर के मुख्य मार्गों पर लगने वाले जाम को कम करने और यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए लिया गया है।

बैठक में स्थानीय उद्योगों में संचालित प्लांट वाहनों को लेकर भी सख्त निर्देश जारी किए गए। अधिकारियों ने दो टूक कहा कि प्लांट वाहन किसी भी स्थिति में शहर के भीतर प्रवेश नहीं करेंगे। इसके लिए दो पिकअप पाइंट निर्धारित किए गए हैं।
प्लांट की बसें कोतरारोड़ चौक में स्टाफ उतारेंगी, जहां कर्मचारी अपने दोपहिया वाहन पार्क करेंगे। वहीं ढिमरापुर क्षेत्र में स्टाफ को सीएमओ ऑफिस के पास पिकअप किया जाएगा और कर्मचारी वहीं अपने वाहन खड़े करेंगे। प्लांट वाहनों को ढिमरापुर से बायपास सर्किट हाउस रोड के उपयोग की अनुमति दी गई है, जबकि इंदिरानगर से शहर में प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि स्कूल बसें पूर्ववत संचालित होंगी।

बैठक में अधिकारियों ने कहा कि शहर में सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी बस एवं वाहन संचालकों को जारी निर्देशों का कड़ाई से पालन करना होगा, अन्यथा नियमों का उल्लंघन करने पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। बैठक में उपस्थित सभी बस संचालकों ने निर्देशों का पालन करने की सहमति व्यक्त की।

इस बैठक में आरटीओ सब इंस्पेक्टर श्रीमती मंजु ध्रुव सहित बड़ी संख्या में बस संचालक उपस्थित रहे।