डोंगरिया पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, जलेश्वर महादेव में किया जलाभिषेक
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कबीरधाम जिले के डोंगरिया स्थित जलेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर जलाभिषेक और पूजा-अर्चना की। उन्होंने प्रदेशवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
UNITED NEWS OF ASIA. सौरभ नामदेव, कवर्धा l मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय रविवार को कबीरधाम जिले के डोंगरिया गांव पहुंचे, जहां उन्होंने जलेश्वर महादेव मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना और जलाभिषेक किया। मुख्यमंत्री अखिल भारतीय कुर्मी क्षत्रिय महासभा के प्रदेश स्तरीय सम्मेलन और सम्मान समारोह में शामिल होने डोंगरिया पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
जलेश्वर महादेव मंदिर में मुख्यमंत्री ने भगवान शिव का अभिषेक कर प्रदेश में खुशहाली, विकास और सामाजिक समरसता के लिए प्रार्थना की। पूजा-अर्चना के दौरान मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग मौजूद रहे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में विशेष तैयारियां की गई थीं।
डोंगरिया स्थित जलेश्वर महादेव मंदिर क्षेत्र के प्रमुख धार्मिक स्थलों में से एक माना जाता है। यह मंदिर स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं के बीच विशेष आस्था का केंद्र है। मान्यता है कि यहां स्थित शिवलिंग प्राकृतिक रूप से प्रकट हुआ था, जिसके कारण इस मंदिर का धार्मिक महत्व और भी बढ़ जाता है। सावन माह और महाशिवरात्रि के अवसर पर यहां हजारों श्रद्धालु दर्शन और जलाभिषेक के लिए पहुंचते हैं।
प्राकृतिक वातावरण, पहाड़ियों और नदी घाटों से घिरा यह शिवधाम धार्मिक पर्यटन की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जाता है। यहां श्रद्धालु आध्यात्मिक शांति और प्रकृति के सुंदर वातावरण का अनुभव करने पहुंचते हैं। सावन सोमवार के दौरान मंदिर परिसर में विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक आयोजन किए जाते हैं।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के साथ इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी, नगर पंचायत अध्यक्ष सरिता रामकुमार सोनी, राजेंद्र चंद्रवंशी, जनपद अध्यक्ष नंदनी साहू, उपाध्यक्ष सानू तिवारी, अंबिका चंद्रवंशी, चंद्रशेखर चंद्राकर सहित कई जनप्रतिनिधि और समाज के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
इसके अलावा आईजी बालाजी राव, कलेक्टर गोपाल वर्मा, पुलिस अधीक्षक धमेन्द्र सिंह सहित प्रशासनिक अधिकारी भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला।