डोंगरिया में कुर्मी महासभा सम्मेलन में विकास और आस्था का संगम, मुख्यमंत्री ने दी करोड़ों की सौगात
कबीरधाम जिले के डोंगरिया में आयोजित अखिल भारतीय कुर्मी क्षत्रिय महासभा के सम्मेलन में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने हिस्सा लिया। विधायक भावना बोहरा की मांग पर मुख्यमंत्री ने सड़क, मंदिर सौंदर्यीकरण और नहर विस्तारीकरण सहित कई विकास कार्यों की घोषणा की।
UNITED NEWS OF ASIA. सौरभ नामदेव, कवर्धा l कबीरधाम जिले के डोंगरिया गांव में आयोजित अखिल भारतीय कुर्मी क्षत्रिय महासभा के प्रदेश स्तरीय सम्मेलन एवं सम्मान समारोह में धार्मिक आस्था, सामाजिक एकता और विकास का भव्य संगम देखने को मिला। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल हुए, जहां उनका विधायक भावना बोहरा और कुर्मी समाज के पदाधिकारियों द्वारा भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने जलेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना और जलाभिषेक कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
सम्मेलन में विधायक भावना बोहरा की मांग पर मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के लिए कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों की घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री ने जलेश्वर महादेव मंदिर के विकास और सौंदर्यीकरण के लिए 50 लाख रुपए देने की घोषणा की। इसके अलावा डोंगरिया से खरहट्टा तक 2.5 किलोमीटर सीसी रोड निर्माण और छीरपानी जलाशय से डोंगरिया तक नहर विस्तारीकरण कार्य को भी मंजूरी दी गई। इन घोषणाओं से क्षेत्रवासियों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रदेश सरकार धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण और विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि जलेश्वर महादेव मंदिर जैसे आस्था केंद्रों का विकास धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देगा और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार तथा आर्थिक अवसर भी पैदा करेगा। उन्होंने कुर्मी समाज को मेहनतकश, संगठित और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाला समाज बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में धार्मिक और सांस्कृतिक विरासतों के संरक्षण का कार्य तेजी से किया जा रहा है। अयोध्या में राम मंदिर, काशी विश्वनाथ धाम कॉरिडोर और महाकाल लोक जैसे कार्य देश की सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करने वाले हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में भी धार्मिक स्थलों को विकसित कर पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।
विधायक भावना बोहरा ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार गांव, गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के विकास के लिए संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि डोंगरिया क्षेत्र को मिली ये सौगातें क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांगों को पूरा करेंगी और विकास की नई दिशा तय करेंगी।
भावना बोहरा ने कहा कि मंदिर और धार्मिक स्थल केवल पूजा-अर्चना के केंद्र नहीं हैं, बल्कि हमारी संस्कृति, परंपरा और सामाजिक एकता के प्रतीक हैं। उन्होंने कुर्मी समाज की एकता और योगदान की सराहना करते हुए कहा कि समाज ने कृषि, शिक्षा, प्रशासन और सामाजिक समरसता के क्षेत्र में हमेशा महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह, कुर्मी महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सर्वेश कटारिया सहित समाज के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।