एशिया कप विजेता गीता यादव से मिले उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, खेल यात्रा पर हुई चर्चा

कवर्धा के बोड़ला की रहने वाली भारतीय हॉकी खिलाड़ी गीता यादव से उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने कवर्धा निवास कार्यालय में मुलाकात की। गीता यादव जूनियर महिला एशिया कप-2026 विजेता भारतीय हॉकी टीम की सदस्य रही हैं। मुलाकात के दौरान गीता की खेल यात्रा, अंतरराष्ट्रीय अनुभव, प्रशिक्षण, भविष्य के लक्ष्य और कवर्धा क्षेत्र में खिलाड़ियों के लिए बेहतर सुविधाओं को लेकर चर्चा हुई।

Oct 3, 2026 - 16:38
 0  2
एशिया कप विजेता गीता यादव से मिले उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, खेल यात्रा पर हुई चर्चा

UNITED NEWS OF ASIA. सौरभ नामदेव, कवर्धा l उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने अपने कवर्धा निवास कार्यालय में जूनियर महिला एशिया कप-2026 की विजेता भारतीय हॉकी टीम की सदस्य गीता यादव से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने गीता यादव को उनकी उपलब्धि के लिए बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। मुलाकात के दौरान गीता की खेल यात्रा, अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उनके अनुभव, प्रशिक्षण और भविष्य के लक्ष्यों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।

कबीरधाम जिले के बोड़ला की रहने वाली गीता यादव ने चीन के मोकी में आयोजित एएचएफ महिला जूनियर एशिया कप-2026 में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया। भारतीय टीम ने 13 सितंबर को खेले गए फाइनल मुकाबले में मेजबान चीन को एक-शून्य से हराकर खिताब अपने नाम किया। इस जीत के साथ भारतीय टीम ने लगातार तीसरी बार महिला जूनियर एशिया कप का खिताब जीता और एफआईएच जूनियर महिला विश्व कप के लिए भी क्वालीफाई किया।

टूर्नामेंट में मिडफील्डर की भूमिका निभाने वाली गीता यादव ने अपने प्रदर्शन से टीम के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया। प्रतियोगिता में उन्होंने कुल चार गोल किए। मलेशिया के खिलाफ भारत की 11-1 की जीत में गीता ने दो गोल किए, जबकि जापान के खिलाफ 7-0 की जीत में भी उन्होंने दो गोल दागे। उनके प्रदर्शन को भारतीय टीम की सफलता में अहम योगदान के रूप में बताया गया।

मुलाकात के दौरान विजय शर्मा ने गीता की खेल उपलब्धि की सराहना की। उन्होंने कहा कि किसान परिवार से निकलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करना मेहनत, अनुशासन और निरंतर प्रयास का परिणाम है। उन्होंने गीता की सफलता को कवर्धा और छत्तीसगढ़ के लिए गौरव की बात बताते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने की इच्छा रखने वाले युवाओं और बेटियों के लिए प्रेरणा का माध्यम है।

इस दौरान कवर्धा क्षेत्र में खेल और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने, स्थानीय प्रतिभाओं को बेहतर प्रशिक्षण देने तथा आवश्यक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर भी चर्चा हुई। विजय शर्मा ने गीता से खिलाड़ियों की जरूरतों और उनके अनुभवों की जानकारी ली।

गीता यादव ने हॉकी की शुरुआती शिक्षा कोच शिवा चौहान से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने बिलासपुर स्थित खेलो इंडिया स्टेट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में प्रशिक्षण लेकर अपने खेल को आगे बढ़ाया। लगातार बेहतर प्रदर्शन के बाद वह राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचीं और बाद में टारगेट ओलंपिक पोडियम स्कीम से भी जुड़ीं।

गीता ने वर्ष 2024 में नीदरलैंड और बेल्जियम दौरे से अपने अंतरराष्ट्रीय खेल सफर की शुरुआत की। इसके बाद वह अर्जेंटीना तथा इंग्लैंड-स्कॉटलैंड दौरों में भी भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं।

मुलाकात के दौरान गीता ने अपनी खेल यात्रा और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के अनुभव साझा किए। विजय शर्मा ने उन्हें भविष्य में भी इसी समर्पण और मेहनत के साथ आगे बढ़ने तथा देश और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करने के लिए शुभकामनाएं दीं।