एसएसपी रजनेश सिंह ने सरकंडा थाना का किया औचक निरीक्षण, उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मी हुए पुरस्कृत
बिलासपुर में एसएसपी रजनेश सिंह ने सरकंडा थाना का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान फरियादियों से संवाद, लंबित प्रकरणों की समीक्षा और बेहतर कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को इनाम देने की घोषणा की गई।
UNITED NEWS OF ASIA. विशु तिवारी बिलासपुर | बिलासपुर के सरकंडा थाना का एसएसपी रजनेश सिंह ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाने में पहुंचे फरियादियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को शीघ्र और प्रभावी निराकरण के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने सीसीटीएनएस ऑपरेटर के कार्यों की गहन समीक्षा की। रिकॉर्ड संधारण एवं डाटा अद्यतन की जांच में थाने में पंजीबद्ध सभी प्रकरणों के फार्म अपडेट पाए गए। इस बेहतर कार्य के लिए सीसीटीएनएस आरक्षक रविशंकर ध्रुव को इनाम देने की घोषणा की गई।
रीडर शाखा के निरीक्षण के समय एसएसपी ने पासपोर्ट सत्यापन एवं चरित्र सत्यापन से जुड़े लंबित मामलों की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि दिसंबर माह के पहले कोई भी पासपोर्ट सत्यापन लंबित न रहे, साथ ही चरित्र सत्यापन के सभी प्रकरणों का शीघ्र निराकरण किया जाए। इस कार्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए रीडर आरक्षक लालबहादुर कुर्रे को इनाम देने की अनुशंसा की गई।
थाने में उपस्थित विवेचकों को भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उत्कृष्ट विवेचना कार्य के लिए सउनि प्रवीण लाल एवं प्र.आर. राजेश्वर छत्री को इनाम देने की घोषणा की गई।
टीआई सहित स्टाफ हुआ पुरस्कृत
सरकंडा थाना प्रभारी टीआई प्रदीप आर्य ने जानकारी दी कि हाल के दिनों में थाना क्षेत्र में 35 गुंडा-बदमाशों एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की गई है। आर्म्स एक्ट के तहत की गई कार्रवाई से संतुष्ट होकर प्र.आर. विजय पाण्डे को इनाम देने की घोषणा की गई।
वहीं, थाना के सुचारू, अनुशासित एवं प्रभावी संचालन के लिए टीआई प्रदीप आर्य को भी एसएसपी द्वारा पुरस्कृत किया गया।
एसएसपी रजनेश सिंह ने निरीक्षण के दौरान पुलिसकर्मियों को जनता के प्रति संवेदनशील रहते हुए कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।