संत श्री जलाराम बापा जयंती महोत्सव 29 अक्टूबर को धमतरी में, पूर्व संध्या पर विशाल बाइक रैली और शोभायात्रा की तैयारियाँ पूर्ण
धमतरी में संत श्री जलाराम बापा की 226वीं जयंती 29 अक्टूबर को श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई जाएगी। श्री जलाराम बापा मंदिर ट्रस्ट और श्री गुजराती समाज द्वारा आयोजित इस पर्व में सुबह मंगल आरती से कार्यक्रमों की शुरुआत होगी। दिनभर आरती, भजन संध्या और महाप्रसाद का आयोजन रहेगा। पूर्व संध्या पर 28 अक्टूबर को विशाल बाइक रैली निकाली जाएगी, जबकि जयंती के दिन प्रभात फेरी और शाम को भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी।
UNITED NEWS OF ASIA. रिजवान मेमन, धमतरी। श्री जलाराम बापा मंदिर ट्रस्ट, मठ मंदिर चौक धमतरी तथा श्री गुजराती समाज, धमतरी के संयुक्त तत्वावधान में संत शिरोमणि श्री जलाराम बापा की 226वीं जयंती 29 अक्टूबर 2025 को बड़े श्रद्धा और भक्ति भाव से मनाई जाएगी। आयोजन की सभी तैयारियाँ पूर्ण कर ली गई हैं।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 4:30 बजे श्री जलाराम मंदिर में मंगल आरती से होगी। इसके बाद सुबह 7:45 बजे नियमित आरती और 11:30 बजे नारायण भोग आरती संपन्न होगी। दोपहर 12:30 से 2:30 बजे तक महाप्रसादी का आयोजन रहेगा, जिसमें भक्तगण सामूहिक रूप से प्रसाद ग्रहण करेंगे।
सांयकालीन भजन संध्या का आयोजन शाम 4:00 बजे से 5:30 बजे तक होगा, जिसमें श्री जलाराम महिला सत्संग मंडल की विशेष सहभागिता रहेगी। कार्यक्रम का समापन सायं 5:45 बजे महाआरती के साथ होगा। मंदिर समिति ने सभी श्रद्धालुओं से इस पावन अवसर पर बड़ी संख्या में उपस्थित होकर संत श्री जलाराम बापा का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।
जयंती पर्व पर प्रति वर्ष की भांति इस बार भी सुबह 5 बजे से श्री गुजराती समाज भवन से प्रभात फेरी निकाली जाएगी, जो शहर के प्रमुख मार्गों से होकर पुनः समाज भवन पहुंचेगी। शाम 4 बजे विशाल शोभा यात्रा निकलेगी, जिसमें समाज के सभी सदस्य, महिला मंडल और श्रद्धालु शामिल होंगे। शोभा यात्रा के उपरांत आरती और प्रसाद वितरण का आयोजन किया जाएगा।
इससे एक दिन पूर्व, 28 अक्टूबर (मंगलवार) की शाम 4 बजे, श्री गुजराती समाज और लक्ष्य ग्रुप के संयुक्त तत्वावधान में विशाल बाइक रैली का आयोजन होगा। यह रैली बिलाई माता मंदिर से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए श्री गुजराती समाज भवन पहुंचेगी।
आयोजन समिति ने सभी समाजजनों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे इस भक्ति और एकता के पर्व में सम्मिलित होकर संत श्री जलाराम बापा के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त करें और समाज में सद्भाव और सेवा का संदेश फैलाएं।