राम रस में डूबा खरसिया: अखंड राम सप्ताह के समापन पर भव्य पालकी यात्रा, 40 गांवों की मंडलियां रहीं शामिल
खरसिया में अखंड राम सप्ताह के समापन पर भगवान श्रीराम की भव्य पालकी यात्रा निकाली गई। 40 से अधिक गांवों की मंडलियां राम नाम संकीर्तन में शामिल हुईं। पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल रहे मुख्य अतिथि, जबकि एसडीएम प्रवीण तिवारी ने बाबा की पालकी उठाकर संकीर्तन किया।
UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, खरसिया। धर्म और भक्ति की नगरी खरसिया रविवार को राम रस में सराबोर हो गई। श्री अखंड राम सप्ताह के सात दिवसीय अनुष्ठान के समापन पर भगवान श्रीराम की पालकी यात्रा निकाली गई। हजारों की संख्या में भक्तों ने जयकारों के बीच भागीदारी निभाई और पूरा नगर राममय हो उठा।
राजू सपोसवाल के मधुर भजनों “सीता-राम, राधे-श्याम” पर श्रद्धालु झूमते रहे। इस दौरान ग्रामीण अंचल से आई 40 से अधिक मंडलियों ने सजधज कर राम नाम संकीर्तन किया। नन्हे बच्चों ने राम दरबार का स्वरूप धारण कर रथ पर विराजमान होकर वातावरण को और भी आध्यात्मिक बना दिया।
विशेष आकर्षण तब देखने को मिला जब एसडीएम प्रवीण तिवारी स्वयं बाबा की पालकी उठाकर राम नाम संकीर्तन करते दिखे। वहीं एसडीओपी प्रभात पटेल भक्तिमय भजनों में झूमते नजर आए।
पालकी यात्रा मंदिर प्रांगण पहुंचने के बाद भगवान श्रीराम की आरती हुई और सांस्कृतिक कार्यक्रम आरंभ हुआ। रायगढ़ जिले के पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे और भगवान का आशीर्वाद लिया। रूही अग्रवाल ने शिव तांडव और मान्या अग्रवाल ने शबरी के बेर की शानदार प्रस्तुति दी।
अपने उद्बोधन में पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल ने कहा— “जहां अखंड राम सप्ताह होता है, वहां स्वयं प्रभु की उपस्थिति महसूस होती है। आप जैसे युवा धार्मिक आयोजनों में आगे बढ़ते हैं, यह समाज के लिए प्रेरणादायी है।”
छाया विधायक महेश साहू ने भी सियाराम सखा मंडल और आयोजन समिति की सराहना करते हुए उन्हें भव्य आयोजन के लिए नमन किया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में विभिन्न मंडलियों ने हिस्सा लिया। अकोल-जमौरा की मंडली प्रथम, मुक्ता गांव एवं कीर्तमाल की मंडली द्वितीय, जबकि अड़ाझर, कुनकुरी एवं कुशवाबहरी की मंडली तृतीय स्थान पर रही। आरती थाली सजाओ एवं माला सजाओ प्रतियोगिताओं के प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मंचासीन अतिथियों में एसपी दिव्यांग पटेल, एसडीएम प्रवीण तिवारी, एसडीओपी प्रभात पटेल, विधायक महेश साहू, मंदिर के महाराज बिट्टू शर्मा, संस्था प्रमुख मनोज गोयल, अंकित अग्रवाल, हिमांशु अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में गणमान्यजन व समिति सदस्य मौजूद रहे।
अंत में संस्था प्रमुख मनोज गोयल ने सभी अतिथियों एवं आंचलवासी भक्तों का आभार व्यक्त किया और आयोजन को सफल बनाने के लिए धन्यवाद दिया।