रायपुर में देर रात फार्म हाउस पार्टी पर पुलिस की कार्रवाई, 15 युवक व 7 युवतियों सहित 22 पर केस
रायपुर के विधानसभा थाना क्षेत्र अंतर्गत जे.डी. फार्म हाउस में देर रात हुल्लड़बाजी कर पार्टी कर रहे 22 लोगों पर पुलिस ने प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई की है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट व थाना विधानसभा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में सभी को शांतिभंग के आरोप में पकड़ा गया।
UNITED NEWS OF ASIA. हसिब अख्तर, रायपुर | पुलिस ने देर रात फार्म हाउस में पार्टी कर हुल्लड़बाजी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए 22 लोगों पर प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। यह कार्रवाई दिनांक 17-18 दिसंबर 2025 की दरम्यानी रात को की गई। पुलिस की इस कार्रवाई से देर रात शोर-शराबा और अशांति फैलाने वालों में हड़कंप मच गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पिरदा स्थित जे.डी. फार्म हाउस में देर रात्रि कुछ लोगों द्वारा तेज आवाज में संगीत बजाकर पार्टी करने और हुल्लड़बाजी की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना विधानसभा पुलिस की संयुक्त टीम तत्काल मौके पर पहुंची।
मौके पर पुलिस टीम ने पाया कि फार्म हाउस में 15 युवक एवं 7 युवतियां पार्टी कर रहे थे और लगातार हुल्लड़बाजी कर आसपास के क्षेत्र में अशांति का माहौल बना रहे थे। पुलिस द्वारा उन्हें समझाइश देने और शांत कराने का प्रयास किया गया, लेकिन इसके बावजूद वे पुलिस की मौजूदगी में भी शोर-शराबा और हुल्लड़बाजी करते रहे, जिससे स्थिति और अधिक बिगड़ने लगी।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सभी 22 लोगों के विरुद्ध थाना विधानसभा में प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। पकड़े गए आरोपियों में देवेन्द्र साहू, गौरव जोशी, वैभव पाठक, मनीष वर्मा, निखिल वर्मा, जय प्रकाश महेश्वरी, दीपक धीवर, विकास दास मानिकपुरी, रितिक मिश्रा, रुपेन्द्र सिंह ठाकुर, तनजीत प्रीत सिंह, आलोक धर दीवान, शिवम आर्या, हरिओम दूबे और देवांश ठाकुर शामिल हैं, जबकि शेष 7 आरोपी महिलाएं हैं। सभी आरोपी रायपुर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के निवासी बताए गए हैं।
रायपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक शांति भंग करने, देर रात तेज आवाज में पार्टी करने और कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस तरह की गतिविधियों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे कानून का पालन करें और देर रात शोर-शराबा या अशांति फैलाने वाली गतिविधियों से बचें। यदि कहीं इस प्रकार की गतिविधि नजर आती है तो तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर शांति व्यवस्था बनाए रखी जा सके।