रायपुर में शराब दुकानों पर ओवररेटिंग का आरोप, स्टेशन रोड और फाफाडीह में जांच की मांग

रायपुर के स्टेशन रोड और फाफाडीह स्थित शराब दुकानों में त्योहार के दौरान एमआरपी से अधिक राशि वसूले जाने का आरोप लगा है। उपभोक्ताओं ने सुपरवाइज़र की भूमिका पर सवाल उठाते हुए आबकारी विभाग से निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।

Mar 3, 2026 - 23:14
 0  2
रायपुर में शराब दुकानों पर ओवररेटिंग का आरोप, स्टेशन रोड और फाफाडीह में जांच की मांग

UNITED NEWS OF ASIA. हसीब अख्तर, रायपुर। राजधानी रायपुर के रायपुर स्थित स्टेशन रोड एवं फाफाडीह क्षेत्र की शराब दुकानों में त्योहार के अवसर पर निर्धारित मूल्य से अधिक राशि वसूले जाने की शिकायतें सामने आई हैं। आरोप है कि ग्राहकों से एमआरपी से लगभग 10 रुपये अधिक वसूली की जा रही है।

उपभोक्ताओं का कहना है कि यह कथित ओवररेटिंग दुकान के सुपरवाइज़र की जानकारी एवं संरक्षण में की जा रही है। यदि यह आरोप सत्य पाया जाता है, तो यह उपभोक्ता अधिकारों का सीधा उल्लंघन होने के साथ-साथ शासन की नीतियों के विपरीत भी माना जाएगा।

ज्ञात हो कि छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सरकार बनने के बाद ओवररेटिंग पर सख्ती बरतने के दावे किए गए थे। ऐसे में राजधानी में ही इस प्रकार की कथित अनियमितता सामने आना कई सवाल खड़े करता है।

संबंधित अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास किया गया, किंतु उनसे संतोषजनक प्रतिक्रिया प्राप्त नहीं हो सकी। अधिकारियों द्वारा कॉल रिसीव नहीं किए जाने से संदेह और गहराता है। यदि यह मामला उच्च अधिकारियों की जानकारी के बिना हो रहा है, तो यह गंभीर प्रशासनिक लापरवाही का संकेत है। वहीं, यदि जानकारी में होने के बावजूद कार्रवाई नहीं की जा रही है, तो यह और भी चिंताजनक विषय है।

अतः मांग की गई है कि आबकारी विभाग इस मामले की निष्पक्ष जांच कराए, संबंधित दुकानों के सीसीटीवी कैमरों की जांच करे, सुपरवाइज़र की भूमिका स्पष्ट करे तथा दोष सिद्ध होने पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करे, ताकि आम जनता को राहत मिल सके और भविष्य में इस प्रकार की शिकायतों की पुनरावृत्ति न हो।