जैसे ही किसानों के मोबाइल पर बैंक खाते में राशि जमा होने का संदेश पहुंचा, गांवों में खुशी का माहौल बन गया। सबसे बड़ी राहत यह रही कि पूरी प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी रही और किसानों को किसी कार्यालय के चक्कर नहीं काटने पड़े। योजना के तहत सीधे खाते में राशि ट्रांसफर होने से किसानों को समय पर आर्थिक मदद मिल सकी, जो होली जैसे बड़े पर्व से पहले उनके लिए किसी उपहार से कम नहीं है।
ग्राम नवडीह के किसान सोनी कुमार वर्मा ने बताया कि उन्होंने इस वर्ष लगभग 250 क्विंटल धान का विक्रय किया था। इसके बदले उन्हें कृषक उन्नति योजना के तहत 1 लाख 82 हजार रुपये की अंतर राशि प्राप्त हुई है। सोनी कुमार वर्मा ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि एकमुश्त इतनी बड़ी राशि मिलने से उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूती मिली है और उनकी होली इस बार और भी यादगार बन गई है।
उन्होंने बताया कि वे इस राशि का उपयोग आगामी खरीफ एवं रबी फसल की तैयारी में करेंगे। विशेष रूप से वे गन्ने की खेती के लिए उन्नत किस्म के बीज मंगाने की योजना बना रहे हैं, जिससे आने वाले मौसम में उत्पादन बढ़ाया जा सके। उनके अनुसार, सरकार की यह पहल किसानों को आगे बढ़ने के लिए नई प्रेरणा दे रही है।
इसी तरह कबीरधाम जिले के ग्राम बानों के किसान रामप्रसाद पाली ने भी योजना से मिली राशि पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि जैसे ही मोबाइल पर खाते में पैसा आने का संदेश मिला, पूरे परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई। होली जैसे बड़े पर्व से पहले यह आर्थिक सहायता उनके लिए बेहद उपयोगी साबित हो रही है।
रामप्रसाद पाली ने कहा कि इस राशि से वे खेत की तैयारी, खाद-बीज की व्यवस्था और अन्य जरूरी कृषि कार्य समय पर कर पाएंगे। साथ ही परिवार की आवश्यकताओं को पूरा करने में भी यह मददगार होगी। उन्होंने यह भी बताया कि पहले किसानों को कई बार भुगतान के लिए कार्यालयों में भटकना पड़ता था, लेकिन अब राशि सीधे खाते में आने से समय और श्रम दोनों की बचत हो रही है।
किसानों का कहना है कि कृषक उन्नति योजना ने न केवल उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूत किया है, बल्कि शासन-प्रशासन के प्रति उनका विश्वास भी बढ़ाया है। समय पर सहायता मिलने से खेती के कामों की योजना बनाना आसान हो गया है और भविष्य को लेकर किसानों में नया आत्मविश्वास पैदा हुआ है।
इस तरह कवर्धा जिले में इस बार होली रंगों के साथ-साथ खुशहाली और भरोसे का पर्व बनकर सामने आई है। कृषक उन्नति योजना से मिली यह सहायता किसानों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है।