पुरानी रंजिश में युवक की रॉड से हत्या, पिता-पुत्र गिरफ्तार

बालोद जिले के देवरी थाना क्षेत्र के खैरा गांव में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर लोहे की रॉड से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई। इलाज के दौरान युवक की मौत के बाद पुलिस ने आरोपी पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।

Jul 30, 2026 - 17:27
 0  2
पुरानी रंजिश में युवक की रॉड से हत्या, पिता-पुत्र गिरफ्तार

UNITED NEWS OF ASIA. बालोद l बालोद जिले के देवरी थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते हुई युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता और पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार घटना 28 जुलाई की है, जब देवरी थाना क्षेत्र के खैरा गांव निवासी हितेश सिन्हा पर गांव के ही हीरामन सिंह और उसके पुत्र कामेंद्र सिन्हा ने पुरानी रंजिश के चलते हमला कर दिया। आरोप है कि दोनों ने लोहे की रॉड से हितेश पर कई बार वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

हमले में हितेश के शरीर में 20 से अधिक स्थानों पर फ्रैक्चर आए। परिजन उसे तत्काल देवरी स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। इलाज के दौरान हितेश ने दम तोड़ दिया।

युवक की मौत के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए हत्या का प्रकरण दर्ज किया और आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने मुख्य आरोपी हीरामन सिंह और उसके पुत्र कामेंद्र सिन्हा को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में सामने आया कि दोनों के बीच पहले से पुरानी रंजिश चली आ रही थी, जिसके चलते विवाद हिंसक रूप ले बैठा। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लोहे की रॉड सहित अन्य साक्ष्य भी जब्त कर लिए हैं।

गुरुवार को दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।